🔴नेवई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
भिलाईनगर, 28 मई 2026। नेवई थाना क्षेत्र के विजय चौक स्टेशन मरोदा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने लोहे के सब्बल से युवक के सिर पर लगातार 10 से 12 वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक का सेक्टर-9 अस्पताल में इलाज जारी है। नेवई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पत्नी को छोड़ने निकला था युवक
पीड़िता कुमारी टोडर ने पुलिस को बताया कि उनका बड़ा बेटा मुकेश टोडर और बहू साधना टोडर नगर निगम रिसाली में कार्यरत हैं। 27 मई की सुबह करीब 6 बजे मुकेश अपनी पत्नी साधना को काम पर छोड़ने के लिए घर के बाहर मोटरसाइकिल पर बैठा था।
अचानक सब्बल लेकर पहुंचा आरोपी
इसी दौरान सामने रहने वाला मनीष कुमार कोसरे लोहे का सब्बल लेकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए “आज तुझे जान से खत्म कर दूंगा” कहकर हमला कर दिया।
सिर पर लगातार बरसाए वार
आरोप है कि मनीष ने हत्या की नीयत से मुकेश टोडर के सिर पर लगातार 10-12 बार सब्बल से वार किया। हमले से मुकेश बाइक से नीचे गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी पत्थर उठाकर भी उसके ऊपर हमला करने लगा।
परिवार और पड़ोसियों ने बचाई जान
चीख-पुकार सुनकर मुकेश की मां कुमारी टोडर, पत्नी साधना टोडर तथा पड़ोसी तरुण कुमार, धनेश कुमार और चंद्रिका बंजारे मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया।
सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती
हमले में मुकेश टोडर का सिर गंभीर रूप से फट गया। परिजनों ने तत्काल उसे सेक्टर-9 अस्पताल भिलाई में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
हत्या की नीयत से हमला करने का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते बीच-बचाव नहीं किया जाता तो आरोपी मनीष कुमार कोसरे निश्चित रूप से मुकेश की हत्या कर देता।
आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज
नेवई पुलिस ने कुमारी टोडर की रिपोर्ट पर आरोपी मनीष कुमार कोसरे के खिलाफ अपराध क्रमांक 0339/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

