सीजी न्यूज ऑनलाइन, 3 फरवरी। प्रदेश भाजपा ने नजूल भूमि के स्वामित्व के लिए नया कानून बनाने का वादा किया है। सभी पट्टाधारकों को भू-स्वामी बनाया जाएगा। पार्टी ने सोमवार को नगरीय निकाय चुनाव घोषणा पत्र में इसका प्रमुखता से जिक्र किया है। महिलाओं के नाम दर्ज संपत्तियों पर 25 फीसदी की विशेष छूट देने समेत कई लोक लुभावन वादे किए गए हैं।

सीएम विष्णुदेव साय, और प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने पार्टी दफ्तर में घोषणा पत्र लांच किया है। 36 पेज के घोषणा पत्र में 20 प्रमुख वादे किए गए हैं। इसे अटल विश्वास पत्र का नाम दिया गया। इनमें रूके हुए पीएम शहरी आवास योजना को पूरा करने के साथ-साथ वर्तमान में स्वीकृत हुए 3 लाख आवास को तेजी से पूरा करने का वादा किया गया है। इसके साथ ही जो बिजली बिल, और समेकित कर पटाते हैं उन्हें आवास बनाने की पात्रता दी जाएगी।

महिलाओं के नाम पर दर्ज संपत्तियों पर प्रापर्टी कर में 25 फीसदी की विशेष छूट दी जाएगी। साथ ही हर माह के 7 तारीख से पहले संपत्तिकर भुगतान करने पर 10 फीसदी की विशेष छूट का वादा किया गया है।
प्रत्येक नगर निगम में महापौर सम्मान निधि की स्थापना की जाएगी। यूपीएससी मेंस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को 1 लाख की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। हर निकाय में व्यवसायिक केंद्रों में बिजली, सडक़, पानी, शौचालय की सुविधा, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में मुफ्त वाईफाई की सुविधा दी जाएगी।

पीएम स्वनिधि योजना के तहत 30 हजार रुपये की वित्तीय सहायता, स्मार्ट वेंडिंग जोन, फूट स्पीड की स्थापना की जाएगी। स्कूल-कॉलेज में छात्राओं के लिए फ्री सेनेटरी नेबकीन की व्यवस्था की जाएगी। स्व-सहायता समूहों के लिए बर्तन बैंक, महतारी वंदन के लाभार्थियों को ढाई लाख तक ऋण और प्रशिक्षण जैसे कई वादे घोषणा पत्र में शामिल किए गए हैं।

