🔴16 लाख की धोखाधड़ी के मामले में 2 के खिलाफ सुपेला थाने में अपराध दर्ज
भिलाईनगर, 23 सितंबर 2026। लोगों को फाइनेंस की मासिक किस्त स्वयं जमा करने और अतिरिक्त रकम देने का झांसा देकर उनके नाम पर लैपटॉप, बाइक, स्कूटी सहित अन्य सामान फाइनेंस कराने के मामले में सुपेला पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने जसप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस और भोजराज राय उर्फ भोजू के खिलाफ अपराध क्रमांक 1408/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। शिकायत में करीब 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, आर्य नगर कोहका निवासी मनीष डहरवाल (32) वेल्डिंग एवं फैब्रिकेशन का काम करता है। उसकी पहचान करीब 3-4 माह पहले अपने मित्र भोजराज उर्फ भोजू के माध्यम से जसप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस से हुई थी। आरोप है कि प्रिंस ने खुद को गोल्ड लोन संबंधी काम शुरू करने की बात बताते हुए एक लैपटॉप की जरूरत बताई और मनीष से अपने नाम पर लैपटॉप फाइनेंस करवाकर देने को कहा। उसने भरोसा दिलाया कि लैपटॉप की मासिक किस्त वह स्वयं जमा करेगा और मनीष को आर्थिक लाभ भी देगा।
मनीष ने उसके झांसे में आकर अपने नाम पर लैपटॉप फाइनेंस करवाकर उसे दे दिया। आरोप है कि प्रिंस ने शुरुआत में केवल दो किस्तें जमा कीं, इसके बाद किस्तें देना बंद कर दिया। फाइनेंस कंपनी की ओर से बकाया राशि की मांग होने पर मनीष ने प्रिंस से संपर्क किया, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। वर्तमान में लैपटॉप उसके पास नहीं है और फाइनेंस की किस्तें मनीष को स्वयं जमा करनी पड़ रही हैं।
कई लोगों के नाम पर कराए वाहन व सामान फाइनेंस
शिकायत में अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है। कविता ठाकुर ने बताया कि प्रिंस ने अपनी बहन की शादी के लिए स्कूटी की जरूरत बताते हुए उसके नाम पर स्कूटी फाइनेंस कराई और किस्त स्वयं जमा करने का भरोसा दिया। आरोप है कि केवल एक किस्त जमा होने के बाद भुगतान बंद कर दिया गया।
इसी तरह तरुण दास बंजारे के नाम पर बाइक फाइनेंस कराई गई। उसे मासिक किस्त जमा करने के साथ अतिरिक्त 2.10 लाख रुपये देने का भरोसा दिए जाने का आरोप है। तरुण के अनुसार, कुछ किस्तें जमा करने के बाद भुगतान बंद कर दिया गया और अब वह स्वयं किस्त चुका रहा है।
पीयूष धुर्वे के नाम पर एक बाइक और दो स्कूटी फाइनेंस कराकर प्रिंस को दिए जाने की बात शिकायत में सामने आई है। पीयूष के अनुसार, प्रिंस ने किस्तें स्वयं जमा करने और अतिरिक्त रकम देने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में कोई किस्त जमा नहीं की।
वहीं संगीत कुमार वर्मा ने भी अपने नाम पर एक बाइक और दो स्कूटी फाइनेंस कराकर प्रिंस को देने की जानकारी पुलिस को दी है। आरोप है कि प्रिंस ने किस्तें जमा करने और 30 हजार रुपये अतिरिक्त देने का भरोसा दिया था, लेकिन सामान लेने के बाद किस्तें जमा करना बंद कर दिया।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, प्रिंस से रकम या सामान वापस मांगने पर वह घर पर नहीं मिलता और फोन पर भी टालमटोल करता है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक शिकायत में सामने आया है कि आरोपियों ने लोगों से जान-पहचान बढ़ाकर उन्हें विश्वास में लिया और उनके नाम पर विभिन्न सामान एवं वाहन फाइनेंस कराकर अपने कब्जे में ले लिए। बाद में किस्तें जमा नहीं करने से संबंधित लोगों पर फाइनेंस की देनदारी आ गई।
मामले में सुपेला पुलिस ने जसप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस और भोजराज राय उर्फ भोजू के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फाइनेंस कराए गए सामान, वाहनों, बैंकिंग लेन-देन और संबंधित शिकायतकर्ताओं के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

