भिलाई स्टील प्लांट में ऊपर से गिरा मजदूर, मौके पर ही दर्दनाक मौत, ब्लास्ट फर्नेस में काम के दौरान पैर फिसलने से हादसा
भिलाई नगर, 9 नवंबर। भिलाई स्टील प्लांट में आज फिर एक हादसा हो गया है।एक मजदूर की करीब 20 मीटर ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई। हादसे के वक्त मजदूर ब्लास्ट फर्नेस में काम कर रहा था। अचानक पैर फिसलने से मजदूर सीधे नीचे गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक बीएसपी के ब्लास्ट फर्नेस 2 में शटडाउन किया गया है, उसे डिस्मेंटल करने का काम किया जा रहा है। डिस्मेंटल का काम चिनार कंपनी को दिया गया है। उसी दौरान एचएससीएल कंपनी का ठेका मजदूर सुखविंदर सिंह भी कटिंग का काम कर रहा था। अचानक पैर फिसलने से वह सीधे नीचे गिर गया। नीचे गिरने के तुरंत बाद ही उसकी मौत हो गई। यह हादसा आज दोपहर को करीब 2ः30 बजे हुआ है। सुखविंदर सिंह भिलाई के इंदिरा नगर इलाके में रहता था, फिलहाल प्रबंधन के तरफ से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है।
विदित हो कि इसके पहले सोमवार को भी भिलाई स्टील प्लांट में हादसा हुआ था। सोमवार को प्लांट के एमआरडी यूनिट-2 में राक विस्फोट हुआ था। इसकी चपेट में आकर 6 मजदूर झुलस गए। इनमें दो मजदूर बीएसपी और 4 यादव इंटरप्राइजेस के ठेका मजदूर थे। बताया जा रहा है कि हादसा प्रबंधन की लापरवाही के चलते हुआ था। उस दौरान यह भी पता चला कि मजदूरों को बिना सुरक्षा कास्टयूम के गर्म स्लैग में पानी डालने के लिए भेज दिया गया था। जैसे ही मजदूरों ने स्लैग में पानी डाला उसमें विस्फोट हो गया।

