भिलाई नगर, 24 मई। छत्तीसगढ़ की सीईओ रीना बाबासाहेब कंगाले ने गुरुवार को राजनांदगांव, दुर्ग और महासमुंद का दौरा किया। उन्होंने 4 जून को होने वाली लोकसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियों का निरीक्षण कर तीनों जिला मुख्यालयों में स्ट्रांग रूम में ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

वोटों की गिनती के लिए हेतु तैयार किए जा रहे मतगणना कक्षों का अवलोकन कर कंगाले ने तीनों जिले में मतगणना स्थलों पर एआरओ से चर्चा की और मतगणना के लिए टेबलों की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए हैं। वोटों की गिनती के लिए कंट्रोल यूनिट को स्ट्रांग-रूम से मतगणना कक्ष तक लाने और वापस ले जाने की व्यवस्था के बारे में भी उन्होंने जानकारी ली। स्ट्रांग रूम के बाहर मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व मॉनिटरिंग व्यवस्था तथा मतगणना स्थल पर इंतजामों के संबंध में फीडबैक भी लिया।

दलों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बताते हुए संतुष्टि जताई। कंगाले ने निर्बाध और सुव्यवस्थित मतगणना के लिए मतगणना स्थल पर व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं।

