हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के प्रवेश पोर्टल का 15 जून को अंतिम दिन, अभी तक 57282 विद्यार्थियों ने किया आवेदन, 16 जून से महाविद्यालयों में प्रवेश

<em>हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के प्रवेश पोर्टल का 15 जून को अंतिम दिन, अभी तक 57282 विद्यार्थियों ने किया आवेदन, 16 जून से महाविद्यालयों में प्रवेश</em>


दुर्ग 14 जून । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर के प्रवेश पोर्टल 15 जून को बंद हो जायेगा। इसके पश्चात् 16 जून से महाविद्यालयों में प्रवेश की प्रथम सूची जारी होगी। आज प्रवेश पोर्टल बंद होने के एक दिन पूर्व 14 जून तक कुल 57282 विद्यार्थियों ने विभिन्न संकायों एवं महाविद्यालयों में प्रवेश हेतु आवेदन किया है। सर्वाधिक आवेदन वार्षिक परीक्षा पद्धति वाले महाविद्यालयों में से शासकीय महाविद्यालयों हेतु प्राप्त हुए हैं। निजी महाविद्यालयों में प्रवेश हेतु वर्तमान में विद्यार्थियों की प्राथमिकता दूसरे नंबर पर है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी इच्छानुसार 05 महाविद्यालयों को चयनित करने की सुविधा विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से बताया कि अभी तक विश्वविद्यालय के पोर्टल में ऑनलाइन रूप से प्राप्त आवेदनों में लगभग 32 हजार छात्राओं तथा 25 हजार छात्रों ने आवेदन किया है। इन प्राप्त आवेदनों में सर्वाधिक आवेदन छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों के है। जबकि दूसरे नंबर पर सीबीएसई की परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों ने आवेदन पत्र जमा किया है। इस बार महाविद्यालयवार प्राप्त आवेदनों में एक बात उल्लेखनीय है कि विद्यार्थियों ने महाविद्यालय को नैक द्वारा प्रदत्त ग्रेड के आधार पर भी संबंधित महाविद्यालय में आवेदन किया है।
डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि ऑनलाइन रूप से प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों की रफ्तार अपेक्षाकृत कम है गत वर्ष प्रथम चरण में 14 जून तक लगभग 70 हजार से उपर आवेदन प्राप्त हुए थें अतः महाविद्यालयों में स्नातक स्तर पर प्रथम वर्ष के विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शीघ्र पूर्ण रूप से ऑनलाइन आवेदन पत्र भरकर आज अंतिम तिथि के समाप्ति के पूर्व जमा करना हिए। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 जून हैं। 16 जून को सभी महाविद्यालयों में प्रथम मेरिट सूची गुणानुक्रम के आधार पर जारी की जायेगी। जो विद्यार्थी 15 जून तक ऑनलाइन रूप से आवेदन नहीं करेंगे। उनका नाम प्रथम प्रवेश सूची में शामिल नहीं किया जायेगा। बीसीए प्रथम वर्ष हेतु प्राप्त आवेदनों की संख्या फिलहाल सबसे कम है। विद्यार्थियों को प्रथम प्रवेश सूची जारी होने के पश्चात् एक निश्चित समय अवधि महाविद्यालयों द्वारा प्रदान की जायेगी। जिसमें प्रवेश सूची में नाम वाले विद्यार्थी को निर्धारित शुल्क के साथ-साथ भौतिक रूप से अपने मूल दस्तावेजों जैसे दसवीं बारहवीं की मार्कशीट जाति, निवास, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र तथा सीबीएसई एवं आईसीएसई परीक्षा उत्तीर्ण माइग्रेशन सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य होगा।