टाउनशिप में पीलिया का प्रकोप : सेक्टर-7 के वार्ड 67 में मिले 13 नए संदिग्ध मरीज

टाउनशिप में पीलिया का प्रकोप : सेक्टर-7 के वार्ड 67 में मिले 13 नए संदिग्ध मरीज


🔴बीएसपी एवं जिला प्रशासन अलर्ट

भिलाईनगर 10 अप्रैल 2026। बीएसपी टाउनशिप क्षेत्र के सेक्टर-7 पश्चिम, वार्ड क्रमांक 67 में पीलिया के बढ़ते प्रकोप को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य विभाग, भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी), नगर निगम भिलाई और स्थानीय पार्षद लक्ष्मीपति राजू की टीम ने प्रभावित इलाके में युद्ध स्तर पर अभियान चलाया।

सुबह से ही टीमों ने घर-घर जाकर लोगों का हालचाल जाना और जरूरतमंद मरीजों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य विभाग की जांच के दौरान आज 13 नए संदिग्ध मरीजों की पहचान की गई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

पहले 4 मरीजों में हुई थी पुष्टि

गौरतलब है कि सेक्टर-7 के सड़क 37 ए और 37 बी क्षेत्र में पहले ही पीलिया के 4 मरीजों की पुष्टि हो चुकी थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और लाल बहादुर सुपेला अस्पताल की टीम मौके पर पहुंची थी। सभी प्रभावितों को उपचार दिया गया और पूरे क्षेत्र में क्लोरीन टैबलेट का वितरण किया गया। साथ ही पानी के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।

संयुक्त सफाई अभियान तेज

बीएसपी और नगर निगम भिलाई की टीम ने संयुक्त रूप से प्रभावित क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया। जेसीबी के माध्यम से नालियों और आसपास की गंदगी को हटाया गया। साथ ही जल आपूर्ति पाइपलाइन की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।

पाइपलाइन बनी संक्रमण की वजह

स्वास्थ्य प्रभारी एवं पार्षद लक्ष्मीपति राजू ने भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक ए.बी. श्रीनिवास से चर्चा कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पेयजल पाइपलाइन का नाले के समानांतर होना दूषित पानी सप्लाई की प्रमुख वजह है। इस पर बीएसपी प्रबंधन ने जल्द पाइपलाइन बदलने का आश्वासन दिया है।

लोगों को दी जा रही सावधानी की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को पानी उबालकर और छानकर पीने, स्वच्छता बनाए रखने और क्लोरीन टैबलेट का नियमित उपयोग करने की सलाह दी है।
प्रशासन की लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई से हालात को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।