🔴भारत में 2 दिन में 760+ फ्लाइट कैंसिल, Pok में हिंसक प्रदर्शन
सीजी न्यूज ऑनलाइन 2 मार्च 2026। इजराइल-ईरान जंग के कारण बीते दो दिन में भारत में 760 से ज्यादा इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल हो चुकी हैं। आज भी दिल्ली एयरपोर्ट पर 87 फ्लाइट कैंसिल रहीं। दिल्ली, मुंबई, कोच्चि, बेंगलुरु, चेन्नई, जयपुर, अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं।
ओमान की खाड़ी में सोमवार को एक तेल टैंकर पर बम से लैस ड्रोन बोट से हमला किया गया, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। मार्शल आइलैंड्स-फ्लैग्ड टैंकर MKD VYOM को मस्कट तट के पास निशाना बनाया गया है।

मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात को देखते हुए और अबू धाबी के BAPS हिंदू मंदिर को 9 मार्च तक विजिटर्स के लिए बंद किया गया है। इधर पीएम नरेंद्र मोदी ने आज इजराइल-ईरान जंग के बीच दिल्ली में कनाडा के पीएम मार्क कार्नी से मुलाकात के बाद कहा,
” पश्चिम एशिया में के हालात चिंताजनक हैं। भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करेगा। हम बातचीत से समस्या का समाधान निकालने के पक्ष में हैं।
खामनेई की मौत पर भारत में प्रदर्शन
इधर, जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर विरोध प्रदर्शन हुए। श्रीनगर के बेमिना इलाके में सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस भी छोड़ी। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। शोपियां, बारामूला, बांदीपोरा में लोगों ने बाजार बंद रखा।
PoK में हिंसक प्रदर्शन-विरोध
भारत के अलावा पाकिस्तान में भी खामेनेई की मौत के विरोध में हंगामा जारी है। आज सुबह पाकिस्तान के कब्जे वाला जम्मू-कश्मीर (PoK) में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है।
गिलगित-बाल्टिस्तान में प्रदर्शनकारियों ने यूनाइटेड नेशंस के ऑफिस में आग लगाई। वहीं, स्कर्टू में एसपी ऑफिस और कई सरकारी इमारतों को जला दिया। इस दौरान सुरक्षाबलों की ओर से की गई फायरिंग में 7 प्रदर्शनकारी मारे गए, 12 से ज्यादा घायल हैं।
इससे पहले रविवार को पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में खामेनेई की मौत के विरोध में हंगामा हुआ था। घुसपैठ करने वाले प्रदर्शनकारियों पर दूतावास के अंदर से गोलियां चलाई गई थीं। अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। 10 से ज्यादा घायल हैं।

