इंटक का कार्यकाल समाप्त , शीघ्र ही यूनियन मान्यता चुनाव करवाने सीटू ने बीएसपी प्रबंधन को सौपा पत्र
भिलाई नगर 12 अक्टूबर । हिन्दुस्तान स्टील एम्पलाईज यूनियन(सीटू) द्वारा औद्योगिक संबंध विभाग के माध्यम से अधिशासी निदेशक (का. एवं प्र.) को पत्र देकर मांग की गयी कि संयंत्र की मान्यता प्राप्त यूनियन स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) का कार्यकाल 9 अक्टूबर को समाप्त हो गया है, अत: प्रबंधन जल्द यूनियन मान्यता चुनाव करवाने हेतु पहल करे | यूनियन ने इस आशय का एक पत्र औद्योगिक संबंध विभाग के माध्यम से उप श्रमायुक्त (केंद्रीय), रायपुर को भी भेजा है |
कर्मचारियों के लिए आवश्यक है यूनियन कर्मचारियों की मांगों को प्रबंधन के समक्ष उठाने एवं प्रबंधन के साथ समझौते हेतु मान्यता यूनियन की आवश्यकता होती है | मान्यता यूनियन के अभाव में कर्मचारी अपने कई अधिकारों से वंचित हो जाते है | मान्यता शून्यकाल रहने से कर्मचारियों के कार्यों में अनावश्यक विलंब होता है। मान्यता यूनियन के प्रतिनिधि कई कमेटियों जैसे ग्रीवांस कमेटी, सीपीएफ के ट्रस्टी आदि में रहकर कर्मचारियों के हितों के लिए कार्य करते है |
कानून के तहत होता है मान्यता यूनियन का चुनाव
वर्ष 2010 से भिलाई इस्पात संयंत्र में आयी. डी. एक्ट लागू है | आयी. डी. एक्ट लागू होने के पश्चात 16 वी लेबर कांफेरेंस द्वारा पारित सिफारिशों के आधार पर बनी कोड आफ डिसिप्लीन,1962 एवं माननीय सर्वोच्च न्यायलय के आदेश के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र में भी गुप्त मतदान द्वारा यूनियन कों मान्यता देने की प्रक्रिया शुरू हो गयी थी , तत्पश्चात 2013 से भिलाई इस्पात संयंत्र में मान्यता यूनियन का चुनाव गुप्त मतदान के द्वारा होता आया है जिसमें सबसे अधिक सदस्यता प्राप्त यूनियन को मान्यता यूनियन का दर्जा दिया जाता है | मान्यता यूनियन के पास प्रबंधन के साथ लिखित समझौते का अधिकार होता है | यूनियन चुनाव को करवाने के लिए प्रबंधन को भी कार्यवाहियों के लिए समय लगता है जिससे मान्यता शून्यकाल का समय वैसे ही बढ़ जाता है | पत्र सौंपने वालों में सीटू यूनियन अध्यक्ष सविता मालवीय महासचिव स्पीडे संगठन सचिव टीवीएस रेडी कार्यकारी अध्यक्ष अशोक खतरेकर शामिल थे।

