Wash & Wash / Black currency Scam का अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब

Wash & Wash / Black currency Scam का अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब


🔴 चार करोड़ रुपये से अधिक नकदी, 17 मोबाइल फोन, 7 गिरफ्तार

सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 23 अगस्त 2026। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने वॉश-वॉश/ब्लैक करेंसी स्कैम के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह वर्ष 2005 से सक्रिय था और देशभर में 100 से अधिक लोगों से अरबों रुपये की ठगी कर चुका है। आरोपियों के कब्जे से चार करोड़ रुपये से अधिक नकदी, 17 मोबाइल फोन, नोट के आकार के काले पेपर, कांच की प्लेटें, दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। आरोपियों ने रायपुर में एक व्यक्ति को रकम दोगुनी करने और काले नोटों को केमिकल के जरिए असली भारतीय मुद्रा में बदलने का झांसा देकर 1.13 करोड़ रुपये की ठगी की थी। मामले में पहले दो महिला आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार किया जा चुका है। इस तरह अब तक कुल नौ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुणे के रिसॉर्ट में करोड़ों की ठगी करते पकड़े गए

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनके मोबाइल फोन में मिले चैट, संपर्क नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया। इससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपियों की लोकेशन पुणे में मिलने के बाद पुलिस टीम ने वहां करीब एक सप्ताह तक निगरानी रखी।

इसके बाद पुणे के खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट में रेड की गई। यहां सात आरोपी वाराणसी निवासी एक व्यक्ति को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर बुलाए हुए थे। पीड़ित करोड़ों रुपये लेकर रिसॉर्ट पहुंचा था और रकम आरोपियों को सौंप चुका था। पुलिस ने आरोपियों को रकम लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

खुद को डी ग्रुप कंपनी से जुड़ा बताकर बनाते थे प्रभाव

पुलिस के अनुसार गिरोह के मुख्य सरगना ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी और मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर हैं। गिरोह के सदस्य अपनी भूमिका के अनुसार अलग-अलग नामों से काम करते थे। आरोपियों ने पूछताछ में छत्तीसगढ़, नोएडा, पुणे, बड़ौदा, उदयपुर, दिल्ली समेत कई राज्यों और शहरों में ठगी की वारदातें करना बताया है।

गिरोह के सदस्य खुद को प्रभावशाली लोगों और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताते थे। पीड़ितों पर प्रभाव जमाने के लिए बड़े नेताओं और फिल्मी कलाकारों के साथ अपनी तस्वीरें भी दिखाते थे। कुछ आरोपी निजी गनमैन रखकर पीड़ितों पर दबाव और प्रभाव बनाने का प्रयास करते थे। पीड़ितों को दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, हैदराबाद, हरियाणा, आगरा, राजस्थान, गुजरात और नागपुर सहित अलग-अलग शहरों के पांच सितारा होटलों में बुलाया जाता था।

केमिकल से नोट दोगुने करने का देते थे झांसा

गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित था। आरोपियों द्वारा नकली केमिकल और विशेष रासायनिक प्रक्रिया का प्रदर्शन कर यह झूठा दावा किया जाता था कि काले रंग से ढके नोटों को विशेष केमिकल और विदेशी तकनीक की मदद से असली भारतीय मुद्रा में बदला जा सकता है।

पहले से तैयार असली नोटों की मदद से नकली प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाता था। इसके बाद विदेशी केमिकल, हाई-पावर केमिकल, विदेशी परीक्षण, वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति, फंड रिलीज और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर पीड़ितों से अलग-अलग किश्तों में बड़ी रकम वसूली जाती थी। रकम मिलने के बाद आरोपी फरार हो जाते या पीड़ित को गुमराह कर पूरी रकम हड़प लेते थे।

तीन आरोपी पहले भी जेल जा चुके

पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन पूर्व में इसी तरह की ठगी के मामले में मुंबई में जेल में निरुद्ध रह चुका है। वहीं मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर भी मुंबई और वाराणसी में ठगी के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 330/2026 के तहत धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, उम्र 46 वर्ष, निवासी सेक्टर-51, समस्तपुर, गुड़गांव, हरियाणा; वर्तमान पता नालासोपारा, मुंबई।
  2. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी, उम्र 52 वर्ष, निवासी पाण्डेयपुर, लालपुर, वाराणसी, उत्तर प्रदेश।
  3. मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, उम्र 55 वर्ष, निवासी शिवपुर, वाराणसी, उत्तर प्रदेश।
  4. विवेक सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी लहौरा वीर जगतगंज, वाराणसी, उत्तर प्रदेश।
  5. शुभम पांडेय, उम्र 37 वर्ष, निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश; वर्तमान पता गोरेगांव ईस्ट, मुंबई।
  6. योगेन्द्र चौहान, उम्र 48 वर्ष, निवासी सेनापुर, केराकत, जौनपुर, उत्तर प्रदेश।
  7. बालमुकुंद दीक्षित, उम्र 40 वर्ष, निवासी खटारा, केराकत, जौनपुर, उत्तर प्रदेश।