दुर्ग 15 दिसंबर । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा 16 दिसंबर से अंर्तमहाविद्यालयीन युवा उत्सव प्रतियोगिता 2023 का आरंभ हो रहा है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि युवा उत्सव के प्रथम दिन 04 स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इनमें प्रातः 10:30 बजे से कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर 07 भिलाई नगर में परिचर्चा (एलुकेशन) तथा दोपहर 2:00 बजे से वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित होगी। वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “इस सदन की राय में देश भर के विश्वविद्यालय में एक जैसा पाठ्यक्रम लागू किया जाना उचित होगा” प्रत्येक प्रतिभागी को अपना पक्ष रखने के लिए 05 मिनट का समय आबंटित होगा।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि परिचर्चा (एलुकेशन) का विषय प्रतियोगिता स्थल कल्याण कॉलेज में ही प्रातः 10:00 बजे घोषित किया जायेगा। डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार 16 दिसंबर को ही प्रातः 10:30 बजे भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई में एकल शास्त्रीय गायन स्पर्धा आयोजित होगी तथा तथा दोपहर 2:00 बजे से समूह गायन हिन्दुस्तानी स्पर्धा आयोजित होगी। सभी प्रतियोगिताओं का निर्णय विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा किया जायेगा । परन्तु किसी भी प्रतियोगिता स्थल पर प्रतियोगिताओं के परिणाम तत्काल घोषित नहीं होंगे। सम्पूर्ण युवा उत्सव संबंधी प्रतियोगिता आयोजित होने के पश्चात् विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी स्पर्धाओं के नतीजे एक साथ घोषित किये जायेंगे ।
डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार 17 एवं 18 दिसंबर अवकाश होने के कारण युवा उत्सव की अन्य स्पर्धा 19, 20 तथा 21, 22 दिसंबर को आयोजित होगी। 19 दिसंबर को खालसा कॉलेज, मालवीय नगर दुर्ग में प्रातः 10 बजे से रंगोली तथा दोपहर 2:00 बजे से मेंहदी की प्रतियोगिता आयोजित होगी। मेहंदी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रतिभागी को अपने साथ एक सहयोगी लाना अनिवार्य होगा जिसके हाथ पर मेहंदी लगाई जा सके।

