सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 5 मई। कांग्रेस विधायक के गांव और मध्यप्रदेश के मुरैना जिला के लेपा भिड़ोसा में जमीन विवाद के चलते एक दशक से दो परिवारों के बीच जारी रंजिश के चलते आज सुबह एक ही परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि गांव के दो परिवारों के बीच पिछले 10 साल से रंजिश चल रही है। इसके चलते ही आज एक परिवार ने दूसरे परिवार पर फायरिंग कर दी जिसमें 3 पुरुष और 3 महिलाएं मारी गई हैं, सभी एक ही परिवार के हैं। 3 लोग घायल हैं। इसी गांव के रविंद्र सिंह कांग्रेस विधायक हैं।
मध्यप्रदेश के मुरैना में हुए इस हत्याकांड का वीडियो सामने आया है। इसमें हमलावर लोगों को लाठियों से पीट रहे हैं। कुछ लोग बंदूक और लाठियां लेकर सड़क पर खड़े हैं। इसी बीच एक युवक आता है और एक के बाद एक 9 लोगों को गोली मार देता है। गोली लगने के बाद सभी लोग जमीन पर पड़े दिख रहे हैं। घटनास्थल पर बच्चे भी थे, जिन्हें एक महिला ने आवाज लगाकर घरों के अंदर बुला लिया। इस महिला की आवाज भी वीडियो में आ रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
फायरिंग में लेस कुमारी पत्नी वीरेंद सिंह, बबली पत्नी नरेंद्र सिंह तोमर, मधु कुमारी पत्नी सुनील तोमर, गजेंद्र सिंह पुत्र बदलू सिंह, सत्यप्रकाश पुत्र गजेंद्र सिंह व संजू पुत्र गजेंद्र सिंह की मौके पर मौत हो गई है। घायलों में विनोद सिंह पुत्र सुरेश सिंह तोमर और वीरेंद्र पुत्र गजेंद्र सिंह व एक अन्य शामिल हैं।
आपको बता दें कि लेपा गांव के रंजीत तोमर और राधे तोमर के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 2014 में रंजीत तोमर के पक्ष ने राधे तोमर के परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी थी। इसके बाद रंजीत का परिवार गांव छोड़कर चला गया था। कुछ दिन पहले ही वह गांव में लौटा तो बदला लेने की नीयत से हमला किया। लेपा गांव के पास ही भिड़ोसा गांव है। डकैत पान सिंह तोमर भिड़ोसा गांव का ही था, जिसके ऊपर फिल्म भी बन चुकी है। पान सिंह तोमर का विवाद भी जमीन को लेकर गांव के लोगों के साथ हुआ था और वह डकैत बना था। खास बात यह है कि दोनों ही गांवों को जोड़कर यानि लेपा-भिड़ोसा के नाम से जाना जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि मुरैना जिले में दिनदहाड़े 6 लोगों की हत्या का नृशंस मामला सामने आया है। मैं सभी मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं।

