ITI में फर्जी दस्तावेज के सहारे नौकरी करने वाला प्रशिक्षक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

ITI में फर्जी दस्तावेज के सहारे नौकरी करने वाला प्रशिक्षक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल



सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 13 मई 2026। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने तेलंगाना के एक निजी कॉलेज का फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र और बैंक स्टेटमेंट लगाकर आईटीआई में प्रशिक्षक की नौकरी हासिल की थी। जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचना का मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में करतला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षक समेत विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एमपी नगर निवासी अनिकेत कर्ण ने आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन के साथ उसने तेलंगाना स्थित विस्टन कॉलेज में प्रशिक्षणकर्ता के रूप में कार्य करने का अनुभव प्रमाण पत्र और प्रतिमाह 15 हजार 600 रुपये वेतन मिलने संबंधी बैंक स्टेटमेंट जमा किया था।
दस्तावेजों के आधार पर अनिकेत कर्ण की नियुक्ति करतला आईटीआई में प्रशिक्षक पद पर कर दी गई। आरोपी करीब एक वर्ष तक संस्थान में कार्य करता रहा। बाद में विभागीय सत्यापन के दौरान अनुभव प्रमाण पत्र और बैंक स्टेटमेंट दोनों फर्जी पाए गए।
फर्जी दस्तावेजों का खुलासा होने के बाद आरोपी ने वर्ष 2024 में नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। जांच पूरी होने के बाद संयुक्त संचालक कार्यालय औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने प्रतिवेदन पुलिस को सौंपा, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना का अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
लखन पटेल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र और बैंक स्टेटमेंट प्रस्तुत कर नौकरी हासिल करने की पुष्टि हुई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।