भिलाई नगर 28 सितंबर । फेरो स्क्रीप निगम लिमिटेड की रणनीतिक बिक्री के विरोध में FSNL कार्यालय भिलाई के गेट अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल शुरू कर दी गई है। इस हड़ताल के समर्थन में आज हिंदुस्तान स्टील एम्पलाइज यूनियन सीटू के द्वारा भी प्रदर्शन किया गया। केंद्र सरकार के द्वारा एक जापानी कंपनी को बेचे जाने के निर्णय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सार्वजनिक उपक्रमों के बेचने की लूट का जमकर विरोध किया गया।
आपको बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा एक जापानी कंपनी को FSNL की रणनीतिक बिक्री को मंजूरी दिए जाने के बाद पूरे राष्ट्रीय स्तर पर लगातार कर्मियों का विरोध प्रदर्शन जारी है।
इसी कड़ी में आज से 28 सितंबर को FSNL में सक्रिय यूनियनों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया गया है। और आज से ही यह काम बंद हड़ताल शुरू कर दी गई है। प्रदर्शन के दौरान यूनियन के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी के द्वारा विनिवेश के नाम पर फेरो स्क्रैप निगम लिमिटेड के विक्रय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

सभी प्रदर्शनकारियों के द्वारा एकजुट होकर एक स्वर से सार्वजनिक उपक्रम के विक्रय करने का जमकर विरोध किया गया । इस दौरान सभी यूनियन नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा सार्वजनिक उपक्रमों के विक्रय की लूट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एफएसएनएल के विक्रय का जो सौदा किया गया है उसे रद्द करना ही होगा। सार्वजनिक संपत्ति का विक्रय इस देश में नहीं चलेगा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा का दायित्व यूनियन द्वारा निभाया जाएगा। फेरो स्क्रैप निगम लिमिटेड सेल के सभी यूनिटों में कार्यरत हैं।
सीटू की तरफ से मुख्य रूप से एस पी डे, अशोक खातरकर श्रीवास, शांत कुमार, अर्चना ध्रुव,अभिनव गुप्ता, दुर्गा राव,राम निहोर, तपन घोष,धनराज ईलमकर, विजय कुमार जांगड़े,जे पी त्रिवेदी, प्रवीण कालमेघ इत्यादि शामिल हुए ।

