जांच के नाम पर बोलेरो रूकवायी और डेढ़ लाख लूट कर निकल गए बाईक सवार, नेहरू नगर चौक पर वारदात
भिलाई नगर, 17 जनवरी। इंदौर से सैनेटायजर लेकर भिलाई पहुंच मैडिकल स्टोर में सप्लाई कर रहे बोलेरो सवार युवकों से 1 लाख 66 हजार की लूट हो गई है। इस घटना में बाईक पर सवार चार लोगों ने खुद को पत्रकार बताते हुए गाडी़ रुकवाई और नकली सैनेटायजर बताते हुए कैश रूपये और मैडिकल स्टोर की बिल्टी लेकर जांच की बात कहते हुए निकल गए। कल देर रात रिपोर्ट पर नेहरू नगर चौराहे पर नाकाबंदी की गयी परंतु आरोपी नहीं मिले हैं। सुपेला पुलिस ने बाईक सवार चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 34 व 394 के तहत जुर्म दर्ज किया है।
सुपेला थाना में एसआई पवन देवांगन ने बताया कि 26 वर्षीय नदीम खान पिता रफीक खान निवासी खजराना, 19 शाहीबाग गली-2, इंदौर 14 जनवरी को बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 09 जीजी 2058 में 157 पेटी सैनेटाईजर लोड कर अपने साथी चालक तबरेज खान के साथ इंदौर से दुर्ग भिलाई पहुंचा और मेडिकल दुकानों में 15 जनवरी को डिलवरी दी। यहां से भिलाई-3 के कविता मेडिकल स्टोर्स से 1 लाख 6 हजार 320 रूपये, विमल मेडिकल स्टोर्स से 32 हजार 400 रूपये, घड़ी चौक सुपेला के नवकार मेडिकल स्टोर्स से 16 हजार 500 रूपये, नेहरू नगर के एक मेडिकल स्टोर्स से 7 हजार 300 रूपये लेकर दुर्ग के लिये निकले तभी नेहरू नगर चौक के पास शाम साढ़े 7 बजे मोटर सायकल में चार लोग आए और इनकी गाड़ी को रोक लिया। जब ये गाड़ी से उतरे तो कहने लगे कि हम प्रेस वाले हैं, तुम लोगो ने नकली माल रखा है। सामान का कागजात दिखाओ कह कर धमकाते हुए मारपीट करने लगे। विरोध करने पर आरोपी गाड़ी की तलाशी लेने लगे और सीट के पीछे रखा बिल एवं सैनेटाईजर बिक्री के कलेक्शन की रकम 1 लाख 65 हजार 520 रूपये निकाल लिए। इस दौरान बीच बचाव के लिये नदीम ने लोगों को आवाज दी पर कोई नहीं आया। आरोपी रूपये ले बाईक से जांच की बात कहते हुए निकल गए। नदीय ने मालिक अनीस को घटना की जानकारी फोन पर दी। अनिस बोला कि मदद के लिये किसी लोकल आदमी को भेजता हूँ। तब तक ये लोग वहीं पर खडे़ रहे। कुछ देर बाद आरीफ और उसके साथी मदद के लिये आए और आसपास पतासाजी की। आरोपी नहीं मिले तो सुपेला थाना पहुँच रिपोर्ट दर्ज करवायी है।

