कैम्प क्षेत्र में सुबह सुबह सब्जी व्यवसायी से लूट, उस्तरा दिखा रूपये छीन भागा युवक, पुलिस की लापरवाही बयां करता प्रार्थी का देखे वीडियो

कैम्प क्षेत्र में सुबह सुबह सब्जी व्यवसायी से लूट, उस्तरा दिखा रूपये छीन भागा युवक, पुलिस की लापरवाही बयां करता प्रार्थी का देखे वीडियो



🔴 साढ़े 10 बजे थाना में रिपोर्ट लिखने वाले जरूर मिलेंगे-पीड़ित
🔴 डायल 112 और 100 नंबर पर सूचना बाद करता रहा इंतजार, कोई नहीं आया
🔴 एफआईआर में विलंब और जिम्मेदार की लेंगे क्लास-सीएसपी
भिलाई नगर, 3 नवंबर। आज अलसुबह लूट के शिकार पीड़ित ने मौके से ही डायल 112 को सूचना दी मगर जब काफी देर तक पुलिस टीम नहीं पहुंची तो उसने 100 नंबर पर फोन किया वहां से भी सिर्फ पहुंचने का आश्वासन ही मिला। घंटे भर इंतजार बाद पीड़ित छावनी थाना पहुंचा तो वहां गेट खटखटाने के बाद कुछ लोग नींद से उठे और साढे़ 10 बजे थाना आना कह कर पीड़ित को घर भेज दिया।
घटना आज सुबह साढे़ 4 बजे की है जब संतोषी पारा निवासी सब्जी व्यवसायी महेश साहू (44 वर्ष) मंडी की ओर साइकल से जा रहा था। आदर्श नगर कैम्प-1 पानी टंकी के पास एक अज्ञात युवक ने उसका रास्ता रोका और उस्तरा निकाल रूपये मांगने लगा। विरोध स्वरूप महेश चीख पुकार मचाने लगा तो युवक ने कालर पकड़ उसे खिंचा और जेब में पालीथिन के भीतर रखे रूपये, आधार कार्ड छीन महेश को धकेल भाग गया। महेश ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। वहां से पीसीआर मौके पर भेज रहे कहते हुए पूरी लोकेशन ली गई।


पूर्व पार्षद और लोगों के दरवाजे खटखटाता रहा
महेश ने बताया कि युवक बस्ती की गली से निकला था, पीसीआर के इंतजार में उसने पूर्व पार्षद जी राजू के घर का दरवाजा भी खटखटाया लेकिन कोई नहीं उठा। पास ही परिचित गुड्डू नामक युवक का दरवाजा भी नहीं खुला।
कंट्रोल रूम को फोन करने पर कहा-बस पहुंच ही रहे हैं
पीसीआर नहीं आई तो महेश साहू ने 100 नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी तो वहां बताया गया कि सूचना मिल गई है, टीम रास्ते में है, बस पहुंचती ही होगी। पौन घंटे तक कोई नहीं पहुंचा तो पीड़ित ने फिर फोन लगाया तो उसे छावनी थाना आकर रिपोर्ट लिखाने कहा गया।
थाना में ही खड़ी मिली पीसीआर, सब सो रहे थे-कहा साढे़ 10 बजे आना
सायकल से लूट का शिकार महेश जब लगभग साढे़ 6 बजे छावनी थाना पहुंचा तो उसे ड्यूटी अफसर केबिन खाली दिखा, वह थाना प्रभारी कक्ष तक गया मगर कोई नहीं था। गेट खटखटाने पर स्वेटर और लोवर पहना पुलिस कर्मी आया और महेश द्वारा घटना के बारे में बताने पर सुबह साढे़ 10 बजे आकर रिपोर्ट लिखाना कहते हुए लौटा दिया गया।
राशन दुकान की सीसीटीवी में लूट की घटना कैद
घटना बाद सब्जी का ठेला ले अपनी रोजी रोटी पर लौटे महेश ने “सीजी न्यूज आनलाईन” को बताया कि जहां उससे लगभग 5 हजार 700 रूपये और आधार कार्ड अज्ञात युवक लूट कर ले गया वहीं हनुमान मंदिर के पास शासकीय राशन दुकान है जहां सीसीटीवी कैमरा लगा है, यकीनन आज का घटनाक्रम सीसीटीवी में होगा ही।
महेश ने बताया कि वह 11 बजे तक फिर से छावनी थाना जाएगा क्योंकि इस समय थाना में रिपोर्ट लिखने वाले जरूर मिलेंगे। वह सीसीटीवी की जानकारी भी पुलिस को देगा ताकि पुलिस उस आरोपी को पकड़ उसके रूपये वापस दिला सके।
पीड़ित से अभी बात हुई, सबकी क्लास लेंगे-सीएसपी
सुबह 10 बजे सीएसपी छावनी प्रभात कुमार (भापुसे) ने “सीजी न्यूज आनलाईन” को बताया कि पीड़ित ने अभी फोन पर सूचना दी है, लूट जैसे संगीन अपराध पर आरोपियों तक पहुंचने घटना का समय और सूचना काफी महत्वपूर्ण है, इस मामले में लापरवाही बरतने वालों और जिम्मेदार ड्यूटी अफसर को तलब कर जल्द आरोपी की तलाश की जायेगी, एफआईआर में देरी और लापरवाही के जवाबदार पर कार्रवाई भी होगी।