यूपी के प्रयागराज में नाबालिग हिंदू लड़की का ब्रेनवॉश; I-Phone का लालच देकर निकाले अंडाणु… जोया खान समेत 5 गिरफ्तार

यूपी के प्रयागराज में नाबालिग हिंदू लड़की का ब्रेनवॉश; I-Phone का लालच देकर निकाले अंडाणु… जोया खान समेत 5 गिरफ्तार


🔴धर्मांतरण, सेक्स रैकेट समेत 3 बिंदुओं पर प्रमुखता से जांच कर रही है पुलिस

सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 08 फरवरी। यूपी के प्रयागराज से एक नाबालिग लड़की को बरगला कर अंडाणु निकालने का चौकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि जोया खान नाम की मुस्लिम महिला ने 15 वर्षीय लड़की का ब्रेनवॉश कर इंदिरा आईवीएफ सेंटर में भर्ती कराया और अवैध तरीके से अंडाणु निकाला। मामले में आरोपी जोया खान समेत 5 पर एफआईआर दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है।

नाबालिग की मां ने बताया कि उनकी बेटी काफी लंबे समय से जोया खान के संपर्क में थी। जोया ने बेटी को 10 हजार रुपए और आईफोन का लालच देकर बहलाया और 15 जनवरी, 2026 को भगा ले गई। जिसके बाद घरवालों ने बच्ची को ढूंढने की भरपूर कोशिश की। कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने प्रयागराज के नवाबगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पिछले 21 जनवरी, 2026 को परिजनों को यह जानकारी मिली कि बच्ची प्रयागराज के सिविल लाइन थाना अंतर्गत एक आईवीएफ सेंटर में एडमिट है। जब बच्ची की मां उससे मिलने पहुंची, तब पीड़िता ने सारी आपबीती सुनाई। बच्ची ने अपनी मां को बताया कि उसकी जोया ने उसको एक आईफोन और पैसे देने का वादा कर बहकाया था।

पीड़िता की मां के अनुसार फर्जी आधार कार्ड और कंसेंट फॉर्म के आधार पर नाबालिग बेटी के शुक्राणु निकलवाए गए, ताकि किसी दूसरी महिला को बच्चा हो सके। साथ ही फर्जी आधार कार्ड बनाकर नाबालिग को विवाहित भी बताया गया। लड़की की मां ने 6 फरवरी, 2026 को पुलिस कमिश्नर से इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।

बता दें कि पीड़िता के पिता की 5 साल पहले मौत हो चुकी है। पीड़िता अपनी मां और 3 भाई – बहनों के साथ रहती थी। पीड़िता परिवार किराये के मकान में रहता है। परिवार चलाने के लिए पीड़िता की मां घरों में काम करती है। वहीं पड़ोस में आरोपी जोया का परिवार भी रहता है। मां के दिनभर बाहर रहने की वजह से पीड़िता जोया के करीब आई और जाल में फंस गई।

चूंकि पीड़िता नाबालिग है इसलिए मामले की जांच प्रयागराज की बाल कल्याण समिति (CWC) कर रही है। सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष अखिलेश मिश्र ने पीड़िता और मां के बयान दर्ज करा लिए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता को शाहगंज थाने में बने वन स्टाप सेंटर (शेल्टर होम) में रखा गया है। अध्यक्ष के आदेश के बाद विशेष किशोर पुलिस ईकाई ने ऑन कैमरा पीड़िता का बयान दर्ज किया।

फिलहाल पुलिस तीन बिंदुओं पर प्रमुखता से जांच कर रही है, जिसमें पहला यह है कि कितनी लड़कियां इस प्रकार से शिकार हो चुकी हैं? दूसरा यह कि क्या कोई सेक्स रैकेट उसके पीछे काम कर रहा है? और तीसरा बिंदु यह है कि क्या धर्मांतरण के लिए ब्रेनवाश किया जा रहा था?