जामुल में बाइक सवार दो युवकों ने राह चलते युवक से मोबाइल झपटा, लेकर फरार

जामुल में बाइक सवार दो युवकों ने राह चलते युवक से मोबाइल झपटा, लेकर फरार


भिलाईनगर, 01 अक्टूबर 2026। जामुल थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों द्वारा राह चलते एक युवक से मोबाइल फोन झपटकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर जामुल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी इब्रान अंसारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एड मास्को कंपनी, बिरैभाठ में सुपरवाइजर के पद पर कार्य करता है। 30 सितंबर 2026 को ड्यूटी खत्म होने के बाद वह कंपनी की बस से घर लौट रहा था। घर का सामान लेने के लिए दुर्गा मंदिर के पास उतरकर बाजार से सामान खरीदा और पैदल अपने घर की ओर रवाना हुआ।

रात करीब 8:15 बजे जय अम्बे शोरूम के पास पहुंचने के दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बाइक सवार युवकों ने उसके हाथ में रखा VIVO Y31 Pro मोबाइल झपट लिया और बोगदा पुलिया की ओर फरार हो गए।

पीड़ित के मुताबिक मोबाइल की कीमत करीब 10 हजार रुपये है। मोबाइल में जियो कंपनी का सिम लगा हुआ था। घटना के बाद उसने अपने मकान मालिक चन्द्रहास गिरी गोस्वामी और दोस्त इरफान आलम को मामले की जानकारी दी। इसके बाद मकान मालिक के साथ जामुल थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि वह दोनों आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकता है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 0725/26 के तहत BNS की धारा 304(2) में मामला दर्ज कर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने सहित अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।