सीजी न्यूज ऑनलाइन 30 सितंबर। भिलाई इस्पात संयंत्र के यूनियन भिलाई अनाधिशासी कर्मचारी संघ द्वारा उठाई गई जायज मांग प्रोडक्शन रीलेटेड बोनस फार्मूले के पक्ष में अब इस्को स्टील प्लांट आईएसपी बर्नपुर पश्चिम बंगाल में भी प्रदर्शन शुरू हो गया है। आज आईएसपी के कर्मचारियों के द्वारा काला बैच लगाकर कार्यस्थल पर प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को व्यक्त किया गया है।

इस्को स्टील प्लांट आईएसपी बर्नपुर पश्चिम बंगाल के कर्मचारियों के द्वारा भिलाई के भिलाई अनाधिशासी कर्मचारी संघ का समर्थन करते हुए कर्मचारियों के हित में प्रोडक्शन रिलेटेड बोनस फार्मूला को ही लागू किए जाने की मांग को बुलंद करते हुए आज कार्यस्थल पर बैच लगाकर प्रदर्शन किया।

इस प्रदर्शन के दौरान सभी कर्मचारियों का अभीमत है कि उन्हें भीख नहीं बल्कि प्रोडक्शन रिलेटेड पे चाहिए। कुछ यूनियन की सहमति से सेल प्रबंधन के द्वारा बनाया गया, एएसपीएलआईएस फॉर्मूला तत्काल रद्द किया जाना चाहिए।

विगत 3 वर्षों से कर्मचारियों को नुकसान हो रहा है जो अब बर्दाश्त के बाहर है। यदि सेल प्रबंधन के द्वारा कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा किया गया तो भविष्य में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।



