🔴दुर्ग लाने रवाना हुई पुलिस टीम
दुर्ग, 06 फरवरी 2026। दुर्ग में सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रकरण का मुख्य आरोपी राजू कश्यप उर्फ कृपा शंकर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीम आरोपी को लेने दुर्ग से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राजू कश्यप मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का निवासी है। पीडब्ल्यूडी में नौकरी लगने के बाद वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दुर्ग में रह रहा था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस से बचने के लिए आरोपी गोरखपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां छिप गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। टीमें सीडीआर, टॉवर लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपी की लगातार ट्रैकिंग कर रही थीं। इसी दौरान उत्तर प्रदेश में आरोपी के मोबाइल की लोकेशन स्पष्ट होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
फिलहाल पुलिस टीम आरोपी को दुर्ग लाने की प्रक्रिया में है। वहीं इस मामले में फरार अन्य दो आरोपी भीम नारायण पांडेय और संजय पंडित की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई आरोपी को दुर्ग लाने के बाद की जाएगी। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता से जांच में जुटा हुआ है।

