दुर्ग, 28 मार्च। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने एवं उसके साथ मारपीट करने वाले आरोपी अजाक थाना दुर्ग में पदस्थ डीएसपी विनोद मिंज के खिलाफ पद्मनाभपुर पुलिस ने धारा 69, 115(2), 296, 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि अंबिकापुर निवासी आरोपी विनोद मिंज अजाक थाना दुर्ग में डीएसपी के पद पर कार्यरत है। पिछले साल से जामुल निवासी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि विनोद मिंज से उसकी पहली मुलाकात ट्रेन में हुई थी। उसने स्वयं को कुंवारा बताते हुए अपना परिचय दिया था जबकि वह शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। आरोपी ने बहला फुसला कर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी शादी का प्रलोभन देते हुए लगातार शारीरिक संबंध बनाते रहा। जब पीड़िता शादी के लिए दबाव देने लगी तो आरोपी मुकर गया और पीड़िता के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की। परेशान होकर पीड़िता ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

