🔴आरोपी के खिलाफ रानीतराई थाने में मामला दर्ज
दुर्ग, 11 मार्च 2026। जिले के रानीतराई क्षेत्र में उधारी के पैसे मांगने को लेकर एक दुकानदार पर धारदार कटर से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में दुकानदार और उसके भाई को चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार अनिल देवांगन, निवासी ग्राम रानीतराई, मेन रोड स्थित अनिल इंटरप्राइजेस नाम से इलेक्ट्रिकल सामान की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम चरौटा भखारा निवासी देवव्रत गोड (पिता बुधराम गोड) ने वर्ष 2018–19 में उनकी दुकान से करीब 22 हजार रुपये का इलेक्ट्रिकल सामान उधार लिया था, जिसका भुगतान अब तक नहीं किया गया था।
बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे अनिल देवांगन अपनी दुकान खोलकर बैठे थे और उनके साथ दुकान के कर्मचारी धीरेंद्र चतुर्वेदी और त्रिभुवन ठाकुर भी काम कर रहे थे। इसी दौरान अनिल ने फोन कर देवव्रत गोड से पैसे मांगे, जिस पर उसने पैसे देने से इनकार करते हुए धमकी दी कि वह उसे मारने आ रहा है।
कुछ देर बाद देवव्रत गोड अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से दुकान पहुंचा। उसका साथी बाइक लेकर बाहर खड़ा रहा, जबकि देवव्रत कटर लेकर दुकान के काउंटर के अंदर घुस गया और अनिल देवांगन पर हमला कर दिया। कटर से गले पर वार किया गया, लेकिन बचाव करने के दौरान वार उनके दाहिने गाल और दाढ़ी के पास लग गया।
हमले के दौरान बीच-बचाव करने आए अनिल के भाई प्रकाश देवांगन पर भी आरोपी ने कटर से हमला किया, जिससे उनके ओठ में चोट आई। घटना के दौरान दुकान के कर्मचारी धीरेंद्र चतुर्वेदी, त्रिभुवन ठाकुर, आजू साहू सहित परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। हल्ला सुनकर आरोपी का साथी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी अनिल देवांगन की रिपोर्ट पर रानीतराई पुलिस ने अपराध क्रमांक 0029/26 दर्ज करते हुए आरोपी देवव्रत गोड और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ धारा 109 बीएनएस, 3(5) बीएनएस और 333 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

