दुर्ग में धोखाधड़ी से परेशान अधेड़ ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश

दुर्ग में धोखाधड़ी से परेशान अधेड़ ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश


🔴 बेटे से ठगी में शामिल कई लोगो के नाम लिखे सुसाइड नोट में

दुर्ग, 24 अप्रैल 2026। पुलगांव क्षेत्र में एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने कथित धोखाधड़ी से परेशान होकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने समय रहते उसे जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

Oplus_16908288


पुलगांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलगांव निवासी मोतीलाल जैन (55 वर्ष) ने गुरुवार रात चूहा मारने की दवा खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजनों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलगांव पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, मोतीलाल के बेटे नितेश के साथ कुछ लोगों द्वारा लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। जब मोतीलाल ने संबंधित लोगों से रकम वापस मांगी तो उन्होंने इनकार कर दिया। इसी बात से मानसिक रूप से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है। नोट में कुछ लोगों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज हैं। इसमें आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्तियों ने बहला-फुसलाकर नितेश को बालासोर ले जाकर करीब 4 लाख रुपये की ठगी की। कई बार संपर्क करने के बावजूद रकम वापस नहीं मिली।
सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख है कि “महादेव सट्टा” के नाम पर भी कुछ लोगों ने नितेश से पैसे लिए। साथ ही जमीन के लेनदेन के नाम पर भी धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए गए हैं। एक अन्य व्यक्ति पर परिवार के नाम से करीब साढ़े 6 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है।
मोतीलाल ने नोट में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें सजा दिलाने और जमानत न देने की बात लिखी है। साथ ही अपने परिवार को किसी प्रकार की परेशानी न होने की भी अपील की है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सुसाइड नोट में दर्ज तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।