भिलाई में बेटी ने घर से की करीब 7 तोले सोने के आभूषणों की चोरी

भिलाई में बेटी ने घर से की करीब 7 तोले सोने के आभूषणों की चोरी


🔴12 लाख से अधिक का माल बरामद, जेल भेजी गई युवती

भिलाईनगर, 21 मार्च 2026। भिलाई भट्ठी क्षेत्र में घर से सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 7 तोला सोना बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि प्रार्थी एम. नचैय्या ने 21 जनवरी 2026 को थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से 2 जनवरी को करीब 8.59 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। जांच के दौरान संदेह उनकी पुत्री पर गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी एम. श्यामला (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि उसने घरेलू विश्वास का दुरुपयोग कर अन्य साथियों के साथ मिलकर आभूषण चोरी किए। आरोपी ने चोरी किए गए कुछ आभूषणों को फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर पैसे हासिल किए, जबकि बाकी आभूषण अपने पास रखना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 7 तोला सोना बरामद किया है। मामले में शेष आभूषणों की तलाश और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की जांच जारी है।

घरेलू विश्वास बना अपराध की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से पारिवारिक विश्वास का दुरुपयोग कर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस की अपील:

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर में कीमती सामान सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही पारिवारिक स्तर पर भी सतर्कता बनाए रखना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।