15 शहर-35 टीमें… 72 घंटे बाद ऐसे पकड़ा गया सैफ अली खान का हमलावर शरीफुल

15 शहर-35 टीमें… 72 घंटे बाद ऐसे पकड़ा गया सैफ अली खान का हमलावर शरीफुल


सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 19 जनवरी । 72 घंटे की लंबी तहकीकात के बाद मुंबई पुलिस ने सैफ के हमलावर को गिरफ्तार कर लिया.वह डकैती के इरादे से घर में घुसा था। उसे अदालत में पेश किया जाएगा और हिरासत की मांग की जाएगी. आरोपी बांग्लादेश का रहने वाला है. आरोपी की तलाश में 100 से ज्यादा जांच अधिकारियों की टीम लगी हुई थी. जानिए कैसे पकड़ा गया हमलावर?

सैफ अली खान के हमलावर की गिरफ्तारी 72 घंटे बाद हुई है. मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की करीब 35 टीमें हमलावर की गिरफ्तारी के लिए जुटी हुई थीं. इस टीम में 100 से ज्यादा अधिकारी शामिल थे. 15 से ज्यादा शहरों में हमलावर की तलाश की गई. आखिर में आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार किया गया. ऐसे में आइए जानते हैं कि कैसे पुलिस की गिरफ्त में आया सैफ का हमलावर मोहम्मद शरीफुल इस्लाम?

झाड़ी में छिपा मिला, हमलावर

सैफ पर हमला करने वाले आरोपी की पहचान हो गई है. मुंबई पुलिस का दावा है कि आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है और वो बांग्लादेशी नागरिक हो सकता है. इसे लेकर जांच की जा रही है. मुंबई पुलिस का कहना है कि आरोपी 5-6 महीने पहले ही मुंबई आया था. पकड़े जाने के बाद उसने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने ही सैफ और करीना के घर में घुसकर हमला किया था. मुंबई पुलिस की टीम ने उसे ठाणे के लेबर कैंप इलाके से गिरफ्तार किया.

बांग्लादेश का रहने वाला है सैफ का हमलावर

सैफ अली खान पर हमला करने वाला हमलावर बांग्लादेश का रहने वाला है. मुंबई पुलिस ने इसका खुलासा किया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी बांग्लादेश के झलोकाठी के राजाबरीया गांव का रहने वाला है. वह 5-6 महीने पहले मुंबई आया था. वह अवैध तरीके से भारत में घुसा था. नाम छिपाने के लिए वह विजय दास बनकर रह रहा था. आरोपी के पास कोई भारतीय दस्तावेज नहीं है. पहचान छिपाने के लिए उसने कई नाम बदले. मुंबई पुलिस आरोपी शरीफुल को बांद्रा ईस्ट कोर्ट में शरीफुल को पेश करेगी. पुलिस कोर्ट से शरीफुल की रिमांड की मांग करेगी.