87 एकड़ में विकसित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस आईआईटी भिलाई परिसर लगभग तैयार, कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार पहुंचे आईआईटी भिलाई, निर्माणाधीन परिसर में अधोसंरचना, प्लांटेशन, लैंडस्केपिंग व हेलिपेड का किया अवलोकन

<em>87 एकड़ में विकसित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस आईआईटी भिलाई परिसर लगभग तैयार, कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार पहुंचे आईआईटी भिलाई, निर्माणाधीन परिसर में अधोसंरचना, प्लांटेशन, लैंडस्केपिंग व हेलिपेड का किया अवलोकन</em>



दुर्ग, 14 जुलाई । कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने आईआईटी भिलाई परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित आवासीय कॉलोनियों की उपयोगिता संबंधी अवलोकन किया। साथ ही परिसर में बन रहे हेलीपैड, हॉस्टलस, भवन, खेल मैदान आदि का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान डायरेक्टर आईआईटी भिलाई प्रोफेसर राजीव प्रकाश, एसडीएम दुर्ग मुकेश रावटे, तहसीलदार दुर्ग, नायब तहसीलदार किशोर वर्मा, तहसीलदार श्रीमति ख्याति नेताम, रजिस्ट्रार आईआईटी भिलाई रिटायर्ड विंग कमांडर जयेश एस पाई, इंजिनियर आईआईटी भिलाई मनीष साहू एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारी गण मौजूद रहे।


कलेक्टर श्री मीणा ने आईआईटी परिसर में बन रहे भवनों के लिए इंजिनियरों की प्रशंसा की। उन्होंने प्रस्तावित स्टॉफ आवासीय परिसर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से तकनीकी जानकारी मांगी। आईआईटी भिलाई के अधिकारियों के द्वारा 87 एकड़ के प्रस्तावित आवासीय परिसर के संबंध में बताया गया कि पिछले वर्ष यह जगह शिवनाथ नदी के डूबान क्षेत्र में शामिल था। जिस पर कलेक्टर ने अधिकारियों से तकनीकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा। कलेक्टर ने आईआईटी परिसर में हो रही प्लांटेशन के काम में तेजी लाने कहा ताकि वर्षा ऋतु में वृक्षा रोपण का कार्य परिसर में पूरा हो सके। उन्होंने प्रस्तावित हेलीपेड का भी जायजा लिया। कलेक्टर श्री मीणा ने निरीक्षण के पश्चात् आईआईटी भिलाई के डायरेक्टर की उपस्थिति में आईआईटी के विभिन्न इंजिनियर और कर्मचारियों से चर्चा की। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को परिसर में बिना रूकावट के विद्युत व्यवस्था व नगर निगम भिलाई के अधिकारियों को पानी की व्यवस्था हेतु निर्देशित किया।