भिलाईनगर, 10 जुलाई 2026। भारतीय सेना के तकनीकी संस्थान 506 आर्मी बेस वर्कशॉप, जबलपुर और आईआईटी भिलाई के बीच रक्षा तकनीक, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता 8 जुलाई 2026 को आईआईटी भिलाई परिसर में हुआ।
MoU पर आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश और 506 आर्मी बेस वर्कशॉप के कमांडेंट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर ब्रिगेडियर टी. ए. अरविंद की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच अकादमिक और तकनीकी सहयोग को मजबूत करना तथा संयुक्त अनुसंधान एवं विकास (R&D) गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
समझौते के तहत दोनों संस्थान उभरती हुई तकनीकों, रक्षा क्षेत्र से जुड़ी इंजीनियरिंग, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML), एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, सेंसर तकनीक, मटेरियल्स, सरफेस इंजीनियरिंग, परीक्षण, मरम्मत और री-मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।
इसके अलावा तकनीकी कार्यशालाएं, सेमिनार, विशेषज्ञ व्याख्यान, क्षमता निर्माण कार्यक्रम, छात्रों के लिए इंटर्नशिप एवं प्रोजेक्ट कार्य, फैकल्टी सहयोग और सेना के अधिकारियों व तकनीकी कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आईआईटी भिलाई का कहना है कि यह साझेदारी रक्षा क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीकों के विकास, नवाचार और संस्थागत सहयोग को नई दिशा देने के साथ-साथ छात्रों और शोधार्थियों को व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

