2️⃣0️⃣ करोड़ नहीं दिया तो जान से जाओगे 🛑 देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी को ई-मेल पर मिली धमकी

<em>2️⃣0️⃣ करोड़ नहीं दिया तो जान से जाओगे 🛑 देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी को ई-मेल पर मिली धमकी</em>



सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 28 अक्टूबर। देश के बड़े उद्योगपतियों में से एक मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने मुकेश अंबानी से 20 करोड़ रुपये की मांग की है और कहा है कि पैसे नहीं देने पर जान से हाथ धोना पड़ेगा।


पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 27 अक्टूबर को मुकेश अंबानी की कंपनी के ईमेल आईडी पर एक अज्ञात शख्स ने ये धमकी भरा ईमेल भेजा है। धमकी भरे ईमेल में लिखा है‌ कि ‘You don’t give us 20 crore rupees, we will kill you, we have the best shooters in India’. इस ईमेल के मिलने के बाद मुकेश अंबानी के सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत के आधार पर मुंबई के गामदेवी पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ IPC की धारा 387 और 506 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धमकी भरे ई-मेल में लिखा है कि पैसे नहीं देने पर वो मुकेश अंबानी पर हमला करवा सकता है क्योंकि उसके पास देश के अच्छे शूटर्स हैं।
आपको बता दें कि पिछले साल अक्टूबर में भी दक्षिण मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में एक शख्स ने फोन किया था। उसने अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। तब कॉल करने वाले ने मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी का नाम लेकर उनकी जान लेने की भी धमकी दी थी। साथ ही मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया को भी उड़ाने की धमकी दी थी। फरवरी 2021 में मुकेश अंबानी के घर के पास एक लावारिश SUV मिलने से सनसनी फैल गई थी। मुकेश अंबानी के दक्षिण मुंबई स्थित घर ‘एंटीलिया’ के पास विस्फोटकों से लदी एक SUV मिली थी जिसमें करीब 20 जिलेटिन की छड़ें और एक चिट्ठी थी। चिट्ठी में मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी को धमकी दी गई थी, जिसके बाद मुंबई पुलिस इस मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया था।