🔴 सुबह पेड़ पर फंदा लगा झूलता मिला युवक का शव
🔴 लहूलुहान युवती अस्पताल में भर्ती
🔴 मामला जामगांव आर के ग्राम गबदी का
भिलाई नगर, 3 नवंबर। एकतरफा प्रेम की सनक के चलते युवक ने युवती के घर जा उस पर चाकू से प्राणघातक हमला किया और भाग गया। लहूलुहान युवती को अस्पताल में भर्ती करा परिजनों ने पुलिस को आरोपी की जानकारी दी। पुलिस सनकी प्रेमी को तलाश ही रही थी कि अगले दिन पेड़ पर लटकता उसका शव मिला है। अस्पताल में भर्ती युवती की हालत आज खतरे से बाहर बताई जा रही है। जामगांव पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जामगांव आर थाना प्रभारी राधेश्याम जूरी ने बताया कि युवती का उपचार जारी है, स्थिति सामान्य है। घटना को अंजाम देने के बाद युवक ने फांसी लगा ली जिससे उसकी मौत हो गई है। युवक ने एकतरफा प्रेम के चलते घटना कारित की और बाद में गलती का अहसास होने की ग्लानि या युवती की जान लेने की आशंकावश खुदकुशी कर ली। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि दुर्ग के जामगांव आर थाना क्षेत्र में युवती पर जानलेवा हमला करके आरोपी ने खुदकुशी कर ली है। मामला एकतरफा प्रेम संबंध का है। युवक ने पहले युवती के घर जाकर उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किया, जब वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गई तो खुद फांसी के फंदे पर झूल गया हालांकि समय रहते डायल 112 की टीम ने युवती को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना ग्राम गबदी की है, जहां के श्रवण कुमार नेताम (22 वर्ष) ने पड़ोस की युवती युवती धनेश्वरी यादव (22 वर्ष) से एक तरफा प्रेम किया जबकि धनेश्वरी उसे पसंद नहीं करती थी। मंगलवार की रात अचानक आरोपी युवती के घर पहुंच गया और युवती से कहने लगा कि वह उससे बहुत प्यार करता है। अगर वो उसकी नहीं होगी तो किसी और की भी नहीं होगी। धनेश्वरी ने ऐसा कुछ भी करने से मना किया तो युवक आगबबूला हो चाकू से धनेश्वरी के गले पर वार कर दिया। जब धनेश्वरी वहीं ढेर हो गई तो श्रवण वहां से फरार हो गया। घर के अंदर बैठे धनेश्वरी के माता-पिता चीख सुनकर बाहर आए तो बेटी को खून से लथपथ पडी़ थी, उन्होंने तुरंत डायल 112 और जामगांव आर पुलिस को फोन कर सूचना दी। पुलिस सूचना मिलते ही घटना स्थल पहुंची और रात में ही आरोपी श्रवण की खोजबीन में जुट गई। रात में वह नहीं मिला। अगली सुबह पुलिस श्रवण को पकड़ने के लिए तलाश कर ही रही थी कि उन्हें पता चला कि श्रवण ने फांसी लगा ली है। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस गबदी गांव के सूनसान क्षेत्र में खेत किनारे पहुंची, वहां कौहा के पेड़ में उसने फांसी लगाई थी। शव को नीचे उतार पंचनामा कार्रवाई कर पीएम के लिए भिजवाया गया।

