डिमांड पूरी नहीं हुई तो झूठा प्रकरण दर्ज करवा लगा दी तलाक की अर्जी, पति समेत पांच के खिलाफ जुर्म दर्ज,
चार साल के बेटे सहित भाई के घर ली शरण
भिलाई नगर, 13 जुलाई। पांच वर्ष पूर्व विवाह में 11 लाख नगद लेने के बाद बोकारो झारखंड निवासी ससुराल वाले लगातार महिला को प्रताड़ित करते रहे। एक दिन सब ठीक हो जाएगा, यह सोच जब वह शराबी पति की मारपीट भी सहन करने लगी तो सास और देवर से मारपीट का झूठा मामला दर्ज कर पति ने न्यायालय में तलाक की अर्जी लगा दी। एक माह पूर्व बेटे के साथ मायके लौट पीड़िता ने पति, सास, देवर और चाचा ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका (26 वर्ष) वर्तमान में कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड भिलाई में अपने बेटे को लेकर भैया भाभी के साथ 7 मई से रह रही है। उसका विवाह 18 जनवरी 2017 को विद्या शंकर निवासी स्वाग आफिसर्स कालोनी गोमिया बोकारो झारखंड के साथ हुआ। शादी में सोने चांदी के जेवर, घरेलू सामान और नगद 11 लाख रूपये उपहार स्वरूप दिए गए। शादी के बाद लगभग एक साल सब ठीक रहा। उसके बाद पति विद्या शंकर, सास इंदू देवी, देवर उमाशंकर और रविशंकर, चाचा ससुर रविशंकर प्रसाद सभी मिल उस पर मायके से रूपये लाने दबाव बनाने लगे। छोटी घरेलू बातों पर गाली गलौच मारपीट करने लगे। प्रियंका के भाईयों को भी फोन कर डिमांड किया जाने लगा। चाचा ससुर रविंदर प्रसाद बीच बीच में ससुराल आकर विद्या शंकर को भड़काते और प्रियंका को मायके से पैसे लाने बोलते थे। वैवाहिक जीवन ठीक चले इस आशय से भिलाई निवासी भाई रूपये भेजता रहा लेकिन लगातार रूपयो की मांग और प्रताड़ना बढ़ती रही। प्रियंका पर गाली गलौच व मारपीट का झूठा आरोप लगाकर बोकारो में तलाक की अर्जी लगाने पर उसके भाई ने पति और ससुराल वालो को समझाया किन्तु वो नहीं माने और प्रियंका को रखने से साफ मना कर दिया। वह भाई धनंजय गुप्ता के साथ मायके भिलाई आ गई। महिला थाना में आवेदन देने पर कांउसलिंग में पति एवं ससुराल वाले उपस्थित नहीं हुए तब प्रियंका की रिपोर्ट पर पति, सास, चाचा ससुर और दोनों देवर के खिलाफ धारा 34 और 498-ए के तहत जुर्म दर्ज किया गया है। प्रियंका ने बताया कि उसके पति पेशे से सरकारी कर्मचारी हैं। उनका 4 वर्ष का एक पुत्र है। पति शराब का बहुत ज्यादा सेवन करते हैं।

