आहट सुन नींद खुली, लाईट जलाया तो मोहल्ले का मोनू निकला, मुखिया पर चाकू से वार कर हुआ फरार
भिलाई नगर, 15 जून। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात प्रगति नगर चरोदा का बाग परिवार की घर में घुसे अज्ञात इंसान की आहट से नींद खुल गई। घर का मुखिया उठा और लाईट जलाया तो देखा कि वह अंजान शख्स कोई और नहीं बल्कि मोहल्ले का मोनू है। पूछताछ करने पर मोनू ने चाकू निकाला और घर के मुखिया पर वार कर फरार हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से लौट पीड़ित ने पुरानी भिलाई थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
भिलाई-3 थाना प्रभारी ने बताया कि प्रगति नगर चरोदा गुरूद्वारा के पीछे निवासी गोवर्धन बाग (55 वर्ष) 13 जून की रात्रि 11 बजे अपने भाई राकेश बाग के साथ खाना खाकर सोया था। कमरा के दरवाजा को अंदर से बंद कर दिया था लेकिन रात्रि में किसी व्यक्ति के घर का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश करने की आहट से गोवर्धन की नींद खुल गई।कोई चोर चोरी करने अंदर घुसा है, सोचकर गोवर्धन चुपके से उठा और कमरे की लाईट आन कर दी। देखा तो वह शख्स मोहल्ले का मोनू ऊर्फ साहिद था। गोवर्धन ने जैसे ही उसे पकड़ा मोनू ने अपने पास रखे धारदार चाकू से वार कर दिया। गोवर्धन के हाथ, कंधा और पसली पर वार किया गया। चिल्लाने पर राकेश भी उठ गया मगर चाकू दिखा मोनू ने उसे धमकाया कि अगर पुलिस को बताकर रिपोर्ट किया तो छोडूंगा नहीं। आरोपी मोनू के भागने के बाद राकेश घायल गोवर्धन को लेकर हास्पिटल गया और उपचार के बाद दोनों ने पुरानी भिलाई थाना पहुँच रिपोर्ट दर्ज करवायी है।

