🟢 नई दिल्ली के 8 लोगों पर दहेज प्रताड़ना का अपराध दर्ज
🟢 9 वर्षीय बेटी के साथ पिता के घर भिलाई में रह रही पीड़िता
भिलाई नगर, 4 अक्टूबर। पति और उसके परिवार ने पिता द्वारा दिया गया 9 लाख का डायमंड सेट बेच रूपये रख लिये और उसके बाद महिला को भिलाई निवासी पिता से 10 लाख मांग कर लाने का दबाव बना घर से निकाल दिया। 9 वर्षीय बेटी पर भी तरस नहीं आया क्योंकि पूरा परिवार बेटे की आस में महिला से अनेक पूजा भी करवायी तथा और दहेज न लाने पर उसे बेटी सहित घर से निकाल दिया। इस मामले में 11 साल से ससुरालियों की प्रताड़ना झेल रही महिला की शिकायत पर जिला महिला थाना ने दिल्ली निवासी 8 लोगों पर धारा 34 व 498-ए के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपियों में महिला का पति विकास अग्रवाल, अशोक अग्रवाल ससुर, श्रीमती कैलाश देवी सास, राजेश देवर, श्रीमती सुरेखा देवरानी, सुनील गोयल मामा ससुर, किरण गोयल मामी सास, अरूण देवर शामिल हैं।
महिला थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता वर्तमान में अपने माता पिता के साथ मैत्री विहार सुपेला में बेटी के साथ रह रही है। उसका विवाह 24 फरवरी 2011 को विकास अग्रवाल निवासी सेक्टर-4 रोहणी नई दिल्ली से हुआ। उसकी एक 9 वर्ष की बेटी है। शादी के बाद से ही पति और ससुराल के सदस्य दहेज के लिए ताने मारते थे। शादी के दो महीने के अंदर उसे जाॅब करने मजबूर किया गया और पूरी सैलरी का इस्तेमाल परिवार के खर्चों के लिए किया जाता था। पति ने उसका डायमंड सेट बेच दिया। सास द्वारा दादरी के पंडितों के पास ले जाया जा रहा था ताकि वह उन्हें एक बेटा दे सके। ससुराल वालों ने लड़की पैदा करने के लिए परेशान किया जाने लगा और पैसों की मांग भी बढ़ती गई।2013 में जब बेटी हुई तो पति और उनके परिवार के अन्य सदस्य ने कहा कि अगर अपने पिताजी से 10 लाख लेकर नहीं दे सकती तो वापस चली जा। डिलीवरी के 6 महीने में ही जाब ज्वाइन करने के लिए दबाव बनाया। उनकी डिमांड और प्रताड़ना में विकास के मामा सुनील, उनकी पत्नी और उनके बेटे अरुण का काफी हस्तक्षेप था। वो जहाँ बोलते उस पंडित के पास वो लोग ले जाते थे। पति लेट से घर आता और नशे की हालत में कई बार मारपीट करता जिससे महिला के शरीर पर कई चोट के निशान बने। पति विकास मारपीट करता तो सास, ससुर, देवर राजेश, देवरानी सुरेखा भी उसे उकसाते रहे। मानसिक तनाव में सबकुछ झेलती पीडिता बेटी के कारण चुप रही। 2018 में विकास के ऑफिस स्टाफ ने बताया कि विकास का अन्य महिला के साथ अफेयर है, शिकायत करने पर सास ससुर ने जुलाई 2020 में विकास को रश्मि को छोड़ने के लिए कहा फिर उसने परिवार के सभी लोगों से झूठ बोला कि रश्मि ने ऑफिस छोड़ दिया है। उसने बेटी की कसम भी खाई कि वह उससे फिर कभी नहीं मिलेगा लेकिन पति की शराब की लत और अफेयर जारी रहा। जुलाई महीने में मारपीट कर पीड़िता और उसकी बेटी को 10 लाख लेकर आने कहते हुए घर से निकाल दिया गया है। ससुराल पक्ष के सभी लोग इस डिमांड और प्रताड़ना में सहभागी हैं। 8 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है।
पति ने डायमंड सेट बेच रूपये उड़ा दिए, ससुरालियों ने पिता से 10 लाख लाना कह घर से निकाल दिया, बेटी पर भी नहीं किया रहम

