कौड़ियों में बिकी हाउसिंग बोर्ड की जमीन-अकेले विधायक के भाई की निविदा-आम आदमी पार्टी ने पत्रवार्ता में लगाए आरोप
भिलाई नगर, 4 मार्च। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा अपने आधिपत्य वाली जमीन को कौड़ियों के मोल बेचने का मामला प्रकाश में आया है। आम आदमी पार्टी नेता मेहरबान सिंह ने पत्रकारवार्ता में इस मामले का खुलासा करते हुए जिलाधीश से शिकायत की है।

आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री, राज्यपाल और जिला कलेक्टर से शिकायत में बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने अपने भाई धर्मेंद्र यादव को यह जमीन दिलवाई है। मेहरबान सिंह ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड कालीबाड़ी चौक पर 15 हजार 171 वर्गफुट यह जमीन है जिसका बाजार मूल्य 10 करोड़ है। इसे करीब 2 करोड़ 52 लाख में बेच दिया गया है।
इसके लिए निविदा निकाली गई, जिसमें अकेले व्यक्ति ने भाग लिया। जमीन की बिक्री के बाद विधायक देवेंद्र की पत्नी डॉ. श्रुतिका ताम्रकार यादव का नाम जोड़ने आवेदन किया गया और 15 नवंबर 2021 को नाम भी जोड़ दिया गया। आम आदमी पार्टी के रामपाल, के ज्योति, इब्राहिम, वदूद आलम, बलविंदर, रवि राय, शशि भूषण ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

