दुर्ग, 10 मार्च 2026। दुर्ग–धमधा मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी दयाराम यादव ने थाना धमधा में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका साला नंद कुमार यादव (24 वर्ष) अपने ससुर नरसिंग यादव, निवासी ग्राम सहगांव थाना नंदिनी नगर, के साथ शादी और पूजा का सामान खरीदने धमधा साप्ताहिक बाजार आया था। सामान खरीदने के बाद दोनों हीरो एचएफ 100 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 07 CS 7934) से वापस गांव सहगांव लौट रहे थे।
इसी दौरान शाम करीब 7 बजे दुर्ग–धमधा मुख्य मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही ट्रक क्रमांक CG 04 MH 0504 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पीछे बैठे नरसिंग यादव ट्रक के ड्राइवर साइड के पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनके सिर और छाती में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे को आसपास मौजूद राहगीरों ने भी देखा।
प्रार्थी दयाराम यादव की रिपोर्ट पर थाना धमधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 0065/26 दर्ज करते हुए ट्रक चालक के खिलाफ धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट, 106(1) बीएनएस और 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।

