🔴तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, भिलाईनगर थाना क्षेत्र का मामला
भिलाई नगर, 23 जुलाई 2026। भिलाई टाउनशिप में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर गुंडिचा मंडप के सामने सेक्टर-9 से सेक्टर-6 जाने वाली सड़क पर सुबह करीब 4 बजे हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा के अनुसार, कार क्रमांक CG 07 MB 5986 तेज रफ्तार से सेक्टर-9 की ओर से सेक्टर-6 की तरफ जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी में रखवाया गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दीपक गुप्ता (23 वर्ष), पिता राजबली गुप्ता, निवासी सड़क नंबर-50, क्वार्टर नंबर 8/F, सेक्टर-6, भिलाई तथा कौशिक दास (15 वर्ष), पिता स्वर्गीय चंदन दास, निवासी सड़क नंबर-33, मकान नंबर 3/A, सेक्टर-6, भिलाई के रूप में हुई है।

मौके की जांच के दौरान पुलिस को कार से शराब की बोतलें और नमकीन भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद सेक्टर-6 क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की विवेचना जारी है।


