सीजी न्यूज ऑनलाइन, 16 अप्रैल 2026। रतनपुर थाने में एक एएसआई द्वारा फरियादी के साथ मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने मामले की जांच रिपोर्ट की जानकारी लेने रतनपुर थाना पहुंचा था। एएसआई दिनेश तिवारी से उसने कोर्ट में रिपोर्ट भेजने में हो रही देरी के बारे में पूछा। आरोप है कि इस पर एएसआई तिवारी भड़क गए और उन्होंने पहले गाली-गलौज की, फिर थाने परिसर में ही फरियादी को 15-20 थप्पड़ जड़ दिए।
इस घटना में विनोद जायसवाल को सिर और कान में गंभीर चोटें आईं। हैरानी यह रही कि मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे और किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने थाना प्रभारी, आईपीएस प्रशिक्षु अंशिका जैन से रिपोर्ट मांगी। रिपोर्ट के आधार पर आरोपी एएसआई दिनेश तिवारी को तत्काल निलंबित कर दिया गया। साथ ही, उसी रतनपुर थाने में उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है, जहां वह पदस्थ था।

