*होटल में हुक्का बार, जामुल पुलिस ने आरोपी को पकड़ा और छोड़ दिया, शहर में जमकर चर्चा*

*होटल में हुक्का बार, जामुल पुलिस ने आरोपी को पकड़ा और छोड़ दिया, शहर में जमकर चर्चा*


होटल में हुक्का बार, जामुल पुलिस ने आरोपी को पकड़ा और छोड़ दिया, शहर में जमकर चर्चा

भिलाई नगर, 30 जनवरी। राज्य शासन के सख्त रवैये के बावजूद भिलाई-दुर्ग में हुक्का का अवैध कारोबार जमकर चल रहा है। हालत यह है कि पुलिस यदि इस पर कार्रवाई करके आरोपी को पकड़ती भी है तो बाद में दबाव के चलते उन्हें छोड़ना पड़ जाता है। ऐसा ही माजरा कल जामुल थाने में देखने को मिला। पुलिस जैसे ही छापा मार कर आरोपी को पकड़ थाना ले आयी, पुलिस को एक फोन काॅल आया कि उसे छोड़ दो, काॅल ऐसे प्रभावशाली का था कि पुलिस भी पंगा लेने की जहमत न उठा सकी। एएसपी सिटी संजय ध्रुव का कहना है कि जामुल थाने में ऐसा हुआ है, इस मामले में जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाया गया तो प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगकर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

गौरतलब हो कि नेहरू नगर, टाउनशिप और दुर्ग शहर में कई ऐसे जगह हैं जहां पर हुक्का लोगों को परोसा जा रहा है। पुलिस को जानकारी होने के बाद भी पुलिस उन पर कार्रवाई नहीं कर रही है। जामुल पुलिस को कल सूचना मिली थी एक बड़े शैक्षणिक संस्थान के पास स्थित होटल में धड़ल्ले से हुक्का परोसा जा रहा है। पुलिस ने होटल में दबिश दी और होटल संचालक को गिरफ्तार कर थाने ले आई। इसके कुछ घंटों बाद ही पुलिस के पास फोन आने लगे और संचालक को छोड़ने के लिए कहा गया। दबाव इतना बढ़ा कि पुलिस ने होटल संचालक को थाने से जाने दिया। कुछ लोगों का कहना है कि इसमें कुछ लोग अपनी पहुंच के बल पर हुक्का परोस रह हैं तो कुछ को पुलिस का भी शह प्राप्त है। मामला जो भी हो जामुल पुलिस की इस कार्रवाई की शहर में जमकर चर्चा हो रही है।