दुर्ग, 05 मार्च 2026। दुर्ग जिले में होली पर्व इस वर्ष शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं पत्रकारों के सतत सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सका। उन्होंने भविष्य में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
10 अनुविभागों में बंटी सुरक्षा व्यवस्था, 900 जवान तैनात
होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए पूरे जिले को 10 अनुविभागों में विभाजित कर लगभग 900 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। 139 महत्वपूर्ण स्थानों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी तैनात की गई, जबकि 73 पेट्रोलिंग पार्टियों ने लगातार गश्त कर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी।
शहर और अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा के लिए 30 “बाज़” (क्विक रिस्पांस टीम) मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीमों का गठन कर सतत भ्रमण कराया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में एसएसपी स्वयं मोटरसाइकिल से पेट्रोलिंग कर ड्यूटी का निरीक्षण करते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक, रेंज दुर्ग द्वारा भिलाई एवं छावनी सब डिवीजन का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई।
88 नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 25 प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। 2 से 4 मार्च के बीच 88 वाहन चालक शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। प्रभावी निगरानी के कारण होली के दिन जिले में कोई गंभीर सड़क दुर्घटना नहीं हुई।
व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई—
▪️BNSS धारा 129 के तहत 105 व्यक्ति
▪️BNSS धारा 170 के तहत 130 व्यक्ति जेल भेजे गए
▪️BNSS धारा 126 एवं 135 के तहत 600 से अधिक लोगों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई
▪️आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के 43 मामलों में 72 लोगों को जेल
▪️आर्म्स एक्ट के 38 प्रकरण दर्ज कर 38 आरोपियों को जेल भेजा गया
▪️212 स्थायी वारंट एवं 350 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।
टोल फ्री नंबर जारी
आम नागरिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 112 एवं 9479192099 जारी किया गया था, जिस पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की गई।
सराहनीय भूमिका
पूरे अभियान में थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पेट्रोलिंग दल, “बाज़” टीम एवं यातायात पुलिस की सक्रिय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने पुनः नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

