सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 07 जुलाई। मुंबई के वर्ली में शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता के बेटे ने अपनी बीएमडब्ल्यू कार से मछुआर दंपति के दुपहिया वाहन को टक्कर मार दी। घटनास्थल पर महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गया।हालांकि, सीसीटीवी की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
मुंबई पुलिस ने बताया कि कोलीवाडा निवासी प्रदीप नखवा और उनकी पत्नी कावेरी सुबह दोपहिया वाहन से ससून डॉक में मछली खरीदने गए थे। लौटते समय शिवसेना नेता राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह ने अपनी तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार से दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। इससे प्रदीप तो उछलकर दूर गिर गया, लेकिन उनकी पत्नी दोपहिया वाहन में फंसकर कार से साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती हुई चली गई। बाद में उसने नायर अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शिवसेना नेता और उनके पुत्र को लिया हिरासत में
घटना की सूचना पर पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी की जांच की और उसके आधार पर शिवसेना नेता राजेश और उनके पुत्र मिहिर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस को आशंका है कि हादसे के समय मिहिर खुद कार चला रहा था। ऐसे में सीसीटीवी फुटेज की जांच से इसकी पुष्टि का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस ने बताया कि हादसे में प्रदीप को भी कई चोटें आई हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शिंदे ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन
इस घटना के बाद शिवसेना (उद्धव गुट) नेता आदित्य ठाकरे ने वर्ली पुलिस थाना पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की बात कही।उन्होंने कहा, “मैं इसे राजनीतिक रंग नहीं देना चाहता। चालक चाहे कोई भी हो और किसी भी पार्टी से आता हो, उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए। “इधर, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आरोपी किस पार्टी से हैं। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

