हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में पूरक परीक्षाओं का केन्द्रीय मूल्यांकन शुरू, दो हजार उत्तर पुस्तिकाओं का हुआ मूल्यांकन

<em>हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में पूरक परीक्षाओं का केन्द्रीय मूल्यांकन शुरू, दो हजार उत्तर पुस्तिकाओं का हुआ मूल्यांकन</em>


दुर्ग 27 अक्टूबर । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में पूरक परीक्षा 2023 से संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं का केन्द्रीय मूल्यांकन के प्रथम दो दिनों में लगभग 20 मूल्यांकनकर्ताओं ने लगभग दो हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर लिया है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि 26 अक्टूबर से आरंभ केन्द्रीय मूल्यांकन के आरंभिक चरण में विषयवार महाविद्यालयों के 20 मूल्यांकनकर्ता को बुलाया गया है। ये मूल्यांकनकर्ता हिन्दी, अंग्रेजी, वनस्पतिशास्त्र, भौतिकशास्त्र वाणिज्य कम्प्यूटर एप्लीकेशन आदि विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूर्णता की ओर है।

अब तक जिन विषयों की परीक्षाएं आयोजित हो चुकी हैं उनमें से अधिकांश उत्तर पुस्तिकाएं विभिन्न 46 परीक्षा केन्द्रों से विश्वविद्यालय पहुंचना आरंभ हो गई है। डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि पूरक परीक्षा 2023 में एक विषय में पूरक प्राप्त विद्यार्थियों के दो प्रश्न पत्रों की लगभग 40 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है जबकि दो विषयों में पूरक प्राप्त विद्यार्थियों की लगभग 75 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है क्योंकि रसायन एवं गणित विषय में परीक्षार्थी को तीन प्रश्न पत्र हल करना आवश्यक हैं।
डाॅ. श्रीवास्तव के अनुसार पूरक परीक्षा 2023 के प्रश्न पत्र 05 नवंबर तक लगातार जारी रहेंगे तथा इसके पश्चात् चुनाव एवं दीपावली अवकाश के कारण अगामी 15 दोनों अर्थात 19 नवंबर तक पूरक परीक्षाएं स्थगित रहेंगी। विश्वविद्यालय द्वारा अपने अंतर्गत आने वाले सातों जिलें में विश्वविद्यालय का वाहन भेजकर प्रतिदिन उत्तर पुस्तिकाएं मंगायी जा रही है। जिनका विशेषज्ञ प्राध्यापकों से शीघ्र मूल्यांकन कराया जायेगा।