हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा इंटर काॅलेज युवा उत्सव का आरंभ 16 दिसंबर से, 14 विधाओं में हुनर का प्रदर्शन कर सकेंगे छात्र-छात्राएं

<em>हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा इंटर काॅलेज युवा उत्सव का आरंभ 16 दिसंबर से, 14 विधाओं में हुनर का प्रदर्शन कर सकेंगे छात्र-छात्राएं</em>


दुर्ग 8 दिसंबर । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा अंतर महाविद्यालयीन युवा उत्सव 2023 का आयोजन 16 से 22 दिसंबर तक विभिन्न 14 विधाओं में पृथक-पृथक महाविद्यालयों में किया जायेगा। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि इन 14 विधाओं में एकल शास्त्रीय गायन हिन्दुस्तानी/ कर्नाटक शैली, समूह गायन (हिन्दुस्तानी), एकल शास्त्रीय नृत्य, समूह लोक नृत्य/जनजाति नृत्य, क्विज, तात्कालिक भाषण, वाद-विवाद, स्किट, ऑन द स्पाॅट पेंटिंग, कोलाज, पोस्टर मेकिंग, रंगोली, मेहंदी एवं सुगम संगीत शामिल है।
डाॅ. श्रीवास्तव के अनुसार विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा ने इस संबंध में आज विश्वविद्यालय के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विधाओं को आयोजित करने हेतु महाविद्यालय का आबंटन एवं तिथि निर्धारित कीं। बैठक में लिए गये निर्णय अनुसार 16 दिसंबर 2023 को कल्याण महाविद्यालय, भिलाई में प्रातः 10ः30 बजे से तात्कालिक भाषण एवं उसके पश्चात् दोपहर 2ः00 बजे से वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित होगी। वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय आयोजन तिथि के एक दिन पूर्व घोषित किया जायेगा।
डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि 19 दिसंबर को प्रातः 11ः30 बजे से सेंट थाॅमस काॅलेज, भिलाई में क्विज प्रतियोगिता तथा खालसा काॅलेज, दुर्ग में प्रातः 10ः00 बजे से रंगोली एवं महेंदी प्रतियोगिता आयोजित होगी। रंगोली में प्रतिभागियों को फूलों की पंखुड़ी, लकड़ी का बुरादा अथवा विभिन्न प्रकार के अनाज उपयोग करना अनिवार्य हैं। महेंदी प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को अपने साथ एक साथी लाना अनिवार्य है। 20 दिसंबर को श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी में स्किट प्रतियोगिता प्रातः 11ः00 बजे से तथा सुगम संगीत प्रतियोगिता दोपहर 2ः00 बजे से आरंभ होगी। 21 दिसंबर को कृष्णा काॅलेज, खम्हरिया में एकल शास्त्रीय नृत्य प्रातः 11ः00 बजे से तथा समूह लोक नृत्य/जनजाति नृत्य का आयोजन दोपहर 2ः00 बजे से होगा। डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि शासकीय वा. वा. पाटणकर कन्या महाविद्यालय, दुर्ग में ऑन द स्पाॅट पेंटिंग, कोलाज, पोस्टर मेकिंग की प्रतियोगिता प्रातः 11ः00 बजे से 1ः00 बजे तक ऑन द स्पाॅट पेंटिंग, कोलाज दोपहर 1ः00 बजे से 3ः00 बजे तक, पोस्टर मेकिंग 3ः00 बजे से 5ः00 बजे तक आयोजित होगी। इन विधाओं में सर्वप्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता जोनल स्तर की विधाओं में विश्वविद्यालय की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।