🔴25 मई से भरेंगे ऑनलाइन फॉर्म
दुर्ग, 21 मई 2026। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने सत्र 2025-26 की द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र भरने की अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार नियमित, भूतपूर्व, एटीकेटी और प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 मई 2026 से शुरू होगी।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बीए, बीकॉम, बीएससी, गृहविज्ञान एवं बीसीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
इन तिथियों में भर सकेंगे फॉर्म
- बिना विलंब शुल्क के आवेदन : 25 मई से 13 जून 2026 तक
- ₹100 विलंब शुल्क के साथ : 14 जून से 16 जून 2026 तक
- ₹200 विलंब शुल्क के साथ : 17 जून से 19 जून 2026 तक
- ₹500 विलंब शुल्क के साथ : 20 जून से 21 जून 2026 तक
- ₹500 + ₹100 प्रतिदिन विलंब शुल्क के साथ : 22 जून से 23 जून 2026 तक
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के बाद आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन पत्र संबंधित महाविद्यालय या परीक्षा केंद्र में जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदन पत्र जमा नहीं करने पर परीक्षा फॉर्म निरस्त कर दिया जाएगा।
25 जून तक कॉलेजों को जमा करनी होगी जानकारी
महाविद्यालयों को विद्यार्थियों के आवेदन पत्रों की हार्ड कॉपी, शुल्क विवरण, नामावली एवं संबंधित दस्तावेज 25 जून 2026 तक परीक्षा केंद्रों में जमा करना होगा। वहीं परीक्षा केंद्रों द्वारा समस्त आवेदन पत्र विश्वविद्यालय में 27 जून 2026 तक जमा किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है, ताकि परीक्षा संबंधी किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।

