हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग ने स्नातकोत्तर सेमेस्टर परीक्षाओं के 5 और नतीजे किये घोषित
दुर्ग 18 फरवरी । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग ने सेमेस्टर परीक्षाओं के 05 और नतीजे घोषित कर दिये हैं। विश्वविद्यालय द्वारा 2021-22 सत्र के स्नातकोत्तर प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के कुल 60 में से 20 नतीजे घोषित किये जा चुके हैं। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव, परीक्षा, डाॅ. राजमणि पटेल ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा आज जारी नतीजों में एमएससी कम्प्यूटर साइंस प्रथम सेमेस्टर 96 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। तथा एमएससी कम्प्यूटर साइंस तृतीय सेमेस्टर में शत् प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। जबकि एमएससी बायोटेक्नाॅलाजी प्रथम सेमेस्टर में 94 प्रतिशत तथा एमएससी बायोटेक्नाॅलाजी तृतीय सेमेस्टर में 96 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। पीजीडिप्लोमा इन योगा एजुकेशन के प्रथम सेमेस्टर में 99 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है।
डाॅ. पटेल ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षाओं के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन विषेषज्ञ प्राध्यापकों द्वारा जारी है। बीएड तथा एमएड के समस्त उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने के पश्चात् विश्वविद्यालय शीघ्र इनके परिणाम जारी करेगा। डाॅ. पटेल के अनुसार अगामी सोमवार को अनेक परीक्षा परिणाम घोषित किये जाने के प्रयास जारी है। विश्व विद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं के प्रायोगिक परीक्षा 25 फरवरी से आरंभ होकर 15 मार्च तक समाप्त करने के निर्देश समस्त प्राचार्य को दिये गये हैं। इस संबंध में प्रत्येक महाविद्यालय में बाह्य परीक्षकों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। विद्यार्थी अपने-अपने महाविद्यालयों में संपर्क कर इन प्रायोगिक परीक्षाओं में शामिल हो सकते हैं। प्रायोगिक परीक्षाएं ऑफलाइन पद्धति से आयोजित होंगी।
प्रायोगिक परीक्षाओं के आरंभ होने से पूर्व समस्त परीक्षार्थियों को रोल नं. आबंटन करने हेतु विश्वविद्यालय में प्रक्रिया जारी है।

