दुर्ग 15 जुलाई । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में सत्र 2023-24 में नियमित विद्यार्थियों के रूप में 155 महाविद्यालयों में प्रवेश हेतु चौथी बार स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष हेतु पोर्टल 15 जुलाई से पुन खोला गया है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में 10 जुलाई को प्रवेश पोर्टल बंद होने के बाद विद्यार्थियों को प्रवेश हेतु 15 जुलाई तक समय प्रदान किया गया था। सभी महाविद्यालय के प्राचार्यो ने विश्वविद्यालय को इस बात से अवगत कराया कि इस वर्ष प्रवेश की गति काफी धीमी है तथा अधिकांश महाविद्यालयों में बड़ी संख्या में स्थान रिक्त है। अतः विश्वविद्यालय का प्रवेश पोर्टल एक बार पुनः खोला जाना चाहिए। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा ने 15 जुलाई से चौथी बार स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु पोर्टल खोले जाने के निर्देश दिये। एलएलएम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु तिथि पृथक से घोषित की जायेगी।
डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि प्रवेश पोर्टल 15 से 20 जुलाई तक खुला रहेगा तथा सभी महाविद्यालय 21 जुलाई को प्रवेश प्राविण्य सूची जारी करेंगे। प्राविण्य सूची में स्थान प्राप्त छात्र-छात्राएं 25 जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे। डाॅ. श्रीवास्तव के अनुसार प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु उपलब्ध 51320 सीटों में से 13 जुलाई तक लगभग 30000 सीटों पर ही प्रवेश विद्यार्थियों द्वारा लिया गया है। शेष लगभग 21000 सीटें अभी भी रिक्त है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप ने सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वें तत्काल प्रवेश लेकर महाविद्यालयों में संचालित होने वाली कक्षाओं में अपनी नियमित उपस्थिति दें। 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति होने पर विद्यार्थी वार्षिक/सेमेस्टर परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे।

