दुर्ग में हेलमेट–सीट बेल्ट जांच अभियान : 1112 चालान, एक सप्ताह में हुई कार्यवाही

दुर्ग में हेलमेट–सीट बेल्ट जांच अभियान : 1112 चालान, एक सप्ताह में हुई कार्यवाही


🔴सड़क सुरक्षा माह के बाद भी सख्ती जारी

दुर्ग, 09 फरवरी 2026। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन के बाद भी सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा विशेष हेलमेट एवं सीट बेल्ट जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 01 फरवरी से 08 फरवरी 2026 तक शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दिन-रात सघन रूप से संचालित किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा शहर के उन पांच प्रमुख चौक-चौराहों को चिन्हित किया गया, जहां यातायात का दबाव अधिक रहता है और नियम उल्लंघन की घटनाएं सामने आती हैं। इन स्थानों पर विशेष टीमों की तैनाती कर लगातार निगरानी एवं चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान आधुनिक ई-डिवाइस का उपयोग करते हुए मौके पर ही नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की फोटो लेकर तत्काल ई-चालान की कार्यवाही की गई, जिससे कार्रवाई न केवल त्वरित बल्कि पूर्णतः पारदर्शी रही।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 950 दोपहिया वाहन चालकों एवं बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वाले 162 चारपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 1112 प्रकरणों में वैधानिक कार्यवाही की गई।

प्रमुख चौक-चौराहों पर की गई कार्रवाई

▪️रेल चौक, सेक्टर-06 भिलाई – 169 हेलमेट चालान
▪️मुर्गा चौक, सेक्टर-01 भिलाई – 189 हेलमेट चालान
▪️डीपीएस चौक, भिलाई – 193 हेलमेट चालान
▪️राजेंद्र पार्क चौक – 191 हेलमेट चालान
▪️जुनवानी चौक – 208 हेलमेट चालान

इस विशेष अभियान में यातायात पुलिस दुर्ग की सभी चेकिंग टीमों ने अनुशासन, सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य किया। कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों को केवल दंड के भय से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए अपनाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।