छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन तेज बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन तेज बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 17 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। वहीं बिलासपुर और मुंगेली जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान एक-दो स्थानों पर बहुत भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में हुई हल्की से मध्यम बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। मौसमी उप-विभागीय वर्षा सामान्य से 31 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

दुर्ग रहा सबसे गर्म, अंबिकापुर और पेंड्रा रोड सबसे ठंडे

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

इन क्षेत्रों में हुई अच्छी बारिश

बीते 24 घंटे में शंकरगढ़ और कुसमी में 9-9 सेमी, चांदो में 8 सेमी, पटना में 6 सेमी, समरी में 5 सेमी तथा बलरामपुर, कोटा, मरवाही, अंबिकापुर, भिलाई और अहिवारा सहित कई क्षेत्रों में 2 से 4 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान बिलासपुर और मुंगेली जिलों में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है।

वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।

48 घंटे तक जारी रहेगा बारिश का दौर

अगले 48 घंटों में बिलासपुर, सक्ती, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग और बेमेतरा जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और कबीरधाम जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर का मौसम

रायपुर में 17 जुलाई को दिनभर आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। बीच-बीच में बारिश या गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।