छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, दुर्ग-रायपुर समेत 16 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, दुर्ग-रायपुर समेत 16 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 27 जुलाई 2026। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बने गहन अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। साथ ही कई जिलों में अगले तीन घंटे के दौरान गरज-चमक और मध्यम बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

दुर्ग समेत 16 जिलों के लिए तत्काल अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन घंटे में दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, कबीरधाम, कोरबा, रायगढ़, जशपुर, मुंगेली, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और सरगुजा जिलों के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और तेज आंधी की संभावना है।

प्रदेश में सामान्य से 21% कम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि रायपुर और बिलासपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। इसके बावजूद अब तक प्रदेश में मानसून की कुल वर्षा सामान्य से 21 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

इन क्षेत्रों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटे में नवागढ़ में 8 सेमी, भटगांव, पिथौरा और बिलाईगढ़ में 7 सेमी, सरायपाली में 6 सेमी, जबकि राजनांदगांव, बसना, सरसीवा, सेवरीनारायण, सोनाखान और अर्जुन्दा सहित कई क्षेत्रों में 5 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 28 जुलाई को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से खुले क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी है।