🔴रायपुर-दुर्ग समेत कई इलाकों में लू की आशंका
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 15 अप्रैल 2026 । छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने वाली है। मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव (लू) चलने की संभावना जताई है। खासकर रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। इस दौरान रायपुर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है, जिससे बारिश की संभावना नहीं बन रही है। हालांकि, तापमान में बढ़ोतरी के चलते कुछ इलाकों में हीट वेव की स्थिति बन सकती है।
सावधानी की सलाह:
हालांकि फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन 16 अप्रैल से संभावित लू को देखते हुए लोगों को दिन के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।


