🔴मां-बेटे की मौत, बेटी आईसीयू में
भिलाईनगर, 25 अप्रैल 2026। एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक महिला ने घर में घुसकर तीन लोगों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला और उसके 8 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि घटना सुबह करीब 8 बजे की है। आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम हल्दीडीह (जिला सक्ती), हाल निवास आशा नगर सिकोला भाठा, ने एसटीएफ कॉलोनी डी-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर D-15 में जबरन प्रवेश किया।
यह मकान एसटीएफ आरक्षक ललितेश यादव का है। आरोपी ने घर में मौजूद उनकी पत्नी रीना यादव (35 वर्ष), पुत्री नैना यादव (12 वर्ष) और पुत्र आदित्य यादव (8 वर्ष) पर सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना के बाद पड़ोसियों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल हाईटेक अस्पताल, स्मृति नगर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान रीना यादव और उनके बेटे आदित्य यादव की मौत हो गई। घायल नैना यादव का इलाज जारी है।
पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 103(1) के तहत हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

