🔴अज्ञात 3-4 युवकों पर पुलगांव थाने में मामला दर्ज
दुर्ग, 31 जुलाई 2026। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में एक प्रधान आरक्षक के साथ देर रात मारपीट, गाली-गलौज, मोबाइल तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात 3-4 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलगांव पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनीष कुमार अग्निहोत्री (40 वर्ष), निवासी शिवाजी नगर तितुरडीह, 29 जुलाई तक थाना उतई में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उनका हाल ही में रक्षित केंद्र दुर्ग में तबादला हुआ है।
शिकायत के मुताबिक, 27-28 जुलाई की दरम्यानी रात करीब 2 बजे वह अपनी पत्नी के लिए आयुर्वेदिक दवा लेने सोमनी गए थे। लौटते समय रसमड़ा हाईवे स्थित आशीर्वाद बार के आगे उनकी कार के पास 3-4 युवक पहुंचे और उनकी कार से दुर्घटना होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
प्रार्थी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया कि उनकी कार को एक ट्रक ओवरटेक कर आगे निकला था और आवाज आने पर वह स्वयं वाहन की जांच करने रुके हैं। इसके बावजूद आरोपियों ने हाथ-मुक्कों, लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब उन्होंने पुलिस को फोन करने के लिए मोबाइल निकाला तो एक आरोपी ने मोबाइल छीनकर पटक दिया और उसे कार के अंदर फेंक दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह वहां से निकलकर उन्होंने थाना सुपेला पहुंचकर घटना की जानकारी दी और बाद में अस्पताल में उपचार कराया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलगांव थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 682/2026 दर्ज करते हुए अज्ञात 3-4 युवकों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 324(4), 351(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।

